रायपुर में धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और Sonam Wangchuk के समर्थन में युवाओं का हल्लाबोल
सोनम वांगचुक पर दिल्ली पुलिस की बर्बरता पर रायपुर में भी युवाओं ने आक्रोश व्यक्त किया। अंबेडकर चौक पर बरसते पानी में युवाओं ने NEET पेपर लीक मामले में धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और सोनम वांगचुक के समर्थन में जोरदार प्रदर्शन किया।
रायपुर, 19 जुलाई 2026। सोनम वांगचुंग के समर्थन में देशभर में कई शहरों में युवा प्रदर्शन कर रहे हैं। सोनम वांगचुक पर दिल्ली पुलिस की बर्बरता पर शनिवार को नागपुर में छात्रों ने आक्रोश रैली निकाली। जोधपुर में भी प्रदर्शन हुआ। पिछले दिनों अम्बिकापुर में युवा सोनम वांगचुक के समर्थन में सड़क पर उतर आए। रविवार को राजधानी रायपुर में युवाओं और छात्र संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। NEET पेपर लीक मामले और सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक के समर्थन में युवाओं ने अंबेडकर चौक पर हल्ला बोला। इस प्रदर्शन में हजारों के तादाद में छात्र बारिश के बीच तख्तियां और पोस्टर लेकर पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए हल्ला बोला।
रविवार को हुई भारी बारिश के बावजूद युवाओं का उत्साह कम नहीं था। प्रदर्शनकारियों ने “पेपर लीक बंद करो”, “छात्रों को न्याय दो” और “शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता लाओ” जैसे नारे लगाए। युवाओं का कहना था कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। प्रदर्शन में शामिल कई छात्रों ने कहा कि सरकार 10वीं -12वीं की परीक्षा तक ठीक से नहीं ले पा रही है। लाखों छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। छात्र केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करने की मांग कर रहे थे।
सोनम वांगचुक के समर्थन में युवाओं का हल्लाबोल
प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक के समर्थन में भी नारे लगाए। एक छात्र ने कहा कि शनिवार की सुबह आमरण अनशन पर बैठे पर्यावरण एक्टिविस्ट व शिक्षाविद सोनम वांगचुक को जिस तरीके से जंतर मंतर से हटाया गया, वह निंदनीय है। दिल्ली पुलिस उन्हें चादर में लपेटकर घसीटते हुए अस्पताल ले गई। इसका हम विरोध करते हैं।प्रदर्शनकारियों ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ उठाई जा रही आवाजों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों के हितों की रक्षा के लिए सरकार को स्थायी और प्रभावी नीतियां लागू करनी चाहिए। अंबेडकर चौक में रविवार को युवाओं का प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। हालांकि पुलिस बल तैनात था।