दफ्तर में घुसे सीजेपी प्रदर्शनकारी, संसद के चारों ओर पुलिस का पहरा, लाठीचार्ज व आंसू गैस के गोले भी
कॉकरोच जनता पार्टी के संसद मार्च को लेकर दिल्ली में भारी गहमागहमी देखने को मिली. जंतर - मंतर से संसद की ओर बढ़ते प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी है. इसके लिए लाठीचार्ज के साथ-साथ आंसू गैस के गोले भी दागने पड़े. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट:-
नई दिल्ली, 20 जुलाई 2026. कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन और संसद मार्च को लेकर दिल्ली में लगातार गहमागहमी जारी है. जंतर - मंतर से संसद तक पुलिस की भारी तैनाती की गई है. रास्ते बंद किए गए. जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है. इसके बाद भी प्रदर्शनकारी लगातार संसद की ओर बढ़ने की कोशिश करते हुए दिखे. उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज भी किया और आंसू गैस के गोले दागे. दूसरी तरफ जेपी नड्डा ने कॉकरोच जनता पार्टी के प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए बुलाया है. इसके बाद सीजेपी फाउंडर अभिजीत दीपके ने अपना अनशन समाप्त कर दिया है. उधर, संसद में मानसून सत्र का पहला दिन भी हंगामें की भेंट चढ़ा. इस बीच संसद भवन में ही अमित शाह और धर्मेंद्र प्रधान की बैठक भी हुई है ऐसा सूत्रों का कहना है.
डिंपल यादव पुलिस हिरासत में
सपा ने पोस्ट किया है कि, समाजवादी पार्टी की तेज तर्रार महिला सांसद डिंपल यादव को पुलिस हिरासत में ले लिया है. सांसद डिंपल यादव ने सपा सांसदों के साथ संसद भवन से जंतर मंतर तक मार्च किया था. लेकिन इस बीच उन्हें हिरासत में लिए जाने की खबर आ रही है.
रेल भवन के पास से हटाए गए प्रदर्शनकारी
संसद के पास स्थित रियल भवन के सामने हजारों की संख्या में जुटे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने वहां से हटा दिया है. वहीं प्रदर्शनकारी ओखला में एनडीए दफ्तर में घुस गए हैं. खबर है कि, सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजली आंग्मो भी प्रदर्शन में शामिल हुई. संसद के पास से प्रदर्शन कर रहे युवाओं को हटाने के लिए भारी फोर्स तैनात किया गया है.
'सरकार ने किया संपर्क, हम जेपी नड्डा से मिलने जा रहे,' विरोध प्रदर्शन के बीच सीजेपी का दावा
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास ने कहा, "सुबह के 11:52 बजे आशुतोष रांका और मैं, कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से, जेपी नड्डा से मिलने जा रहे हैं. सरकार ने सुबह बातचीत के लिए संपर्क किया था. हमारी मांग स्पष्ट है. युवा भारी संख्या में दिल्ली में एकजुट और एकत्रित हैं. हम जीतेंगे. जाने वाले नियोजित मार्च में शामिल लोगों की संख्या लगभग लाखों में हो गई है.
अभिजीत दीपके ने खत्म किया अनशन
कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोमवार को जंतर मंतर पर एक्टिविस्ट सोनम बांगचुक के कहने पर अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी है. शनिवार को दिल्ली पुलिस द्वारा सोनम वांगचुक को ले जाए जाने के बाद दीपके ने भूख हड़ताल शुरू की थी लेकिन उन्होंने आंदोलन जारी रहने की बात भी कही. हालांकि, सोनम वांगचुक अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं.
वांगचुक की अनशन खत्म करने की शर्तें
सफदरजंग अस्पताल से लिखे एक नोट में उन्होंने तीन शर्ते बताई, जिनके तहत वह अपना अनशन खत्म कर देंगे. वांगचुक ने लिखा, " प्रिय दोस्तों और समर्थकों, आप में से कई लोगों ने पूछा है कि मैं अपना अनशन कब खत्म करूंगा. जैसा कि मैंने पहले समर्थकों को बताया था, मैं 20 जुलाई ( सोमवार) को अपना अनशन खत्म कर दूंगा, अगर सरकार शिक्षा व्यवस्था में मौजूदा नाकामियों जैसे पेपर लीक वगैरह की जिम्मेदारी ले या सीजेपी की लीडरशिप संसद तक पहुंचे, जहां माननीय सांसद और अलग-अलग दलों के नेता हमें भरोसा दिलाएं कि वे संसद में यह मुद्दा उठाएंगे. "
उन्होंने कहा कि अगर उनकी सेहत इसकी इजाजत नहीं देती है, तो सांसद अस्पताल आकर ये भरोसा दिला सकते हैं.
दिल्ली पुलिस ने जारी की ट्रेफिक एडवाइजरी
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने संसद तक प्रस्तावित इस मार्च को देखते हुए ट्रेफिक एडवाइजरी जारी की है. पुलिस ने संसद परिसर और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक प्रतिबंध और जाम की आशंका जताई है. इसे देखते हुए विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी.
कई प्रदर्शनकारी जमीन पर गिर पड़े
संसद मार्ग की ओर बढ़ने की कोशिश में बैरिकेड पार करते समय प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर पुलिसिया लाठीचार्ज हुआ और आंसू गैस के गोले छोड़े गए. इस दौरान भगदड़ जैसी हालत बन गई और कई प्रदर्शनकारी जमीन पर नीचे गिर पड़े.
पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया
सूत्र बताते हैं कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को काबू करने के लिए शास्त्री भवन के पास आंसू गैस का इस्तेमाल किया और खदेड़ दिया.
मोदी सरकार बच्चों की आवाज दबाने की कोशिश कर रही- खड़गे
कांग्रेस के राज्यसभा सांसद मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि लाखों बच्चे पेपर लीक के विरोध में आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन उन पर लाठीचार्ज किया जा रहा है. मोदी सरकार बच्चों की आवाज दबाने की कोशिश कर रही है.
मुझे दुख है कि बच्चों पर लाठियां चलाई गई- अखिलेश यादव
सपा सांसद अखिलेश यादव ने कहा है कि पेपर लीक में शामिल सभी लोग बीजेपी के सदस्य हैं, किसी भी दोषी को पकड़ा नहीं गया है. सरकार नौकरियां भी नहीं देती क्योंकि उन्हें आरक्षण देना पड़ेगा. मुझे दुख है कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर आज भी लाठियां चलाई गई.