• निर्माणाधीन गोदाम की छत गिरने से 5 मजदूरों की हुई मौत, 40 से अधिक मलबे में फंसे, राहत और बचाव कार्य जारी

    समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ दर्दनाक रिपोर्ट:-
    कोलकाता, 25 जून 2026. पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के ताराताला पुलिस इलाके से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. यहां एक ट्रांसपोर्ट डिपो पर बन रहे गोदाम का एक बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया. इस हादसे में अब तक  5 मजदूरों की जान चली गई एवं करीब 40 से अधिक मजदूरों के मलबे के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है.

    घटना के वक्त गोदाम में निर्माण और ढलाई का काम चल रहा था, तभी अचानक लोहे का भारी स्ट्रक्चर और कंक्रीट के स्लैब ताश के पत्तों की तरह ढह गए, जिससे वहां काम कर रहे मजदूरों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और चारों तरफ अफरा- तफरी मच गई. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और फायर सर्विस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया.

    खबर है कि मलबे के नीचे से स्थानीय लोगों को फंसे हुए मजदूरों की चीख - पुकार सुनाई दी, इसके बाद स्थानीय लोग भी बचाव दल के साथ मिलकर मलबे को हटाने में सक्रिय दिखे. जबकि मौके पर मुस्तैद दर्जनों एंबुलेंस के जरिए मलबे से निकल जा रहे घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया, जिनमें से कई की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, मंगलवार को हुई भारी बारिश की वजह से निर्माणाधीन ढांचा कमजोर पड़ गया था, जो इस हादसे की वजह हो सकता है.

    इस भीषण हादसे के बाद निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था और घटिया निर्माण सामग्री को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. प्रशासन अब इस बात की गहन जांच कर रहा है कि क्या निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं. इस बीच, भाजपा नेता राकेश सिन्हा ने भी मौके का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया एवं पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की. फिलहाल, भारी मशीनों की मदद से मलबा हटाने और फंसे हुए लोगों को बाहर निकलने का काम जारी है. अधिकारियों का कहना है कि असली वजह का पता पूरी जांच के बाद ही चल पाएगा.