• हैदराबाद के माधापुर में ढही 7 मंजिला इमारत, अब तक 2 की गई जान, मलबे में जिंदगियों की तलाश जारी

    हैदराबाद के  माधापुर के अंजैया नगर में मात्र 60 वर्ग गज जमीन पर बनी एक अवैध 7 मंजिला निर्माणाधीन इमारत ताश के पत्तों की तरह ढह गई. इस हादसे में 2 लोगों की जान चली गई और अन्य कई व्यक्ति जख्मी हो गए. हाइड्रा और एनडीआरफ की टीमें मलबे से फंसे लोगों को निकालने में जुटी गई.

    हैदराबाद, 25 अगस्त 2026. तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के  माधापुर स्थित अंजैया नगर इलाके में शनिवार की रात एक बड़ा हादसा हो गया. यहां लगभग 60 वर्ग गज के भूखंड पर निर्माण कराई जा रही एक 7 मंजिला ( 7 + 1) अवैध इमारत अचानक ढह गई. इस भयानक दुर्घटना में दो लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए, घायलों को तुरंत  अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

    उधर, घटना की सूचना मिलते ही यहां के साइबराबाद पुलिस, एनडीआरएफ की 10वीं बटालियन और हैदराबाद आपदा प्रतिक्रिया एवं संपत्ति संरक्षण एजेंसी हाइड्रा की टीमें मौके पर पहुंची और राहत और बचाव कार्य में जुट गई. इस बीच एनडीआरफ  के डिप्टी कमांडेंट  दामोदर सिंह ने बताया है कि कमजोर और निर्माणाधीन ढांचा गिरने के बाद नजदीक वाली इमारत पर जा गिरा. पहली से लेकर सातवीं मंजिल तक की छतें एक के ऊपर एक सीधी नीचे आ गिरी. फिलहाल राहत टीम स्निफर डॉग्स और आधुनिक कैमरों की मदद से मलबे में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं.

    क्या बोला प्रशासन
    मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए हाइड्रा के आयुक्त ए. वी. रंगनाथ ने बताया कि यह इमारत एक  ' नाले ' पर बिना किसी प्रशासनिक अनुमति और मंजूरी के बनाई जा रही थी. उन्होंने आरोपी बिल्डर साजिद का जिक्र करते हुए कहा कि उसकी ऐसी कई एन अवैध इमारतें बनाने की आदत रही है. प्रशासन अब उसकी बनाई सभी अनधिकृत संपत्तियों की जांच कर रहा है. अधिकारियों ने कहा कि प्रशासन की तरफ से कई इमारतों को सीज किया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद नियमों का पालन नहीं किया जा रहा.

    इस संदर्भ में कांग्रेस विधायक अरेकापुड़ी गांधी ने अवैध निर्माण का आरोप लगाते हुए कहा कि अधिकारियों ने करीब 4 महीने पहले निर्माण कार्य रुकवा दिया था, लेकिन हाल ही में कथित तौर पर अवैध तरीके से दोबारा काम शुरू कर दिया गया. विधायक गांधी ने कहा कि सात मंजिला इमारत से जुड़े एक बगल के इमारत तक बेसमेंट का निर्माण कराया जा रहा था. इसी दौरान अचानक संरचना ढह गई. विधायक गांधी ने यह भी कहा कि इससे पहले भी इस तरह की घटना सामने आ चुकी है और अब एक बार फिर निर्माण कार्य में लापरवाही का मामला सामने आया है.