आंध्र प्रदेश के छात्र की बेंगलुरु में हत्या, बदमाशों ने बाइक समेत जिंदा जलाया, पुलिस की जांच जारी
बेंगलुरु के बाहरी इलाके सरजापुर में एक छात्र की हत्या से सनसनी फैल गई है. बताया गया कि बेंगलुरु में नौकरी की तलाश में आए युवक को कुछ अज्ञात लोगों ने बाइक समेत जिंदा जला दिया और मौके से फरार हो गए. युवक की हत्या से उसके माता-पिता और दोस्त सदमे में है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की हृदयविदारक रिपोर्ट:-
बेंगलुरु, 4 जुलाई 2026. बेंगलुरु के बाहरी इलाके सरजापुर में एक छात्र की हत्या से सनसनी फैल गई है. बताया गया कि बेंगलुरु में नौकरी की तलाश में आए युवक को कुछ अज्ञात लोगों ने बाइक समेत जिंदा जला दिया और मौके से फरार हो गए. युवक की हत्या से उसके माता-पिता और दोस्त सदमे में है. छात्र की पहचान 25 वर्षीय वामशी कृष्णा के तौर पर हुई है, जो आंध्र प्रदेश के गुंटूर का रहने वाला था. उसने हाल ही में बेंगलुरु के एक कॉलेज से अपना डिप्लोमा पूरा किया और नौकरी की तलाश में था.
वामशी कृष्णा गुंटूर से बेंगलुरु तब आया था, जब इलेक्ट्रॉनिक सिटी के एक पुराने दोस्त ने उसे नौकरी दिलाने का वादा किया था. लेकिन यहां आने के बाद उस दोस्त का मोबाइल फोन बंद मिला. परेशान होकर छात्र वामशी कृष्णा ने शाम करीब 4:45 बजे सरजापुर में अपने दोस्त को आखरी बार फोन किया और इसके बाद यह भयानक घटना हुई. यह घटना अनेकल पुलिस सब डिवीजन के सरजापुर पुलिस इलाके में शाम करीब 6:15 बजे हुई. एक वाहन चालक ने सड़क किनारे कुछ जलते हुए देखा और उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
सरजापुर थाने के पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची, तो युवक का शव और बाइक जल रहे थे. बदमाशों ने युवक और उसकी बाइक पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी. बाद में वे मौके से फरार हो गए. शव का पिछला हिस्सा नहीं जला था, जिससे कई संदेह पैदा हो गए हैं. इस बीच बेंगलुरु ग्रामीण जिले के सहायक पुलिस अधीक्षक वेंकटेश प्रसन्ना ने मौके का दौरा किया. हत्या के पीछे के कारण जानने और सबूत इकट्ठा करने के लिए विशेषज्ञों की एक टीम और डॉग स्क्वाड को मौके पर बुला लिया गया है. फिलहाल, इस भयानक हत्या के संबंध में सरजापुर पुलिस थाने में केस दर्ज कर लिया गया है एवं पुलिस हत्यारे की तलाश में जुटी हुई है.