आपत्तिजनक बयान पर हाई कोर्ट से नहीं मिली राहत, डीएमके विधायक अनिता राधाकृष्णन गिरफ्तार, विजय सरकार को विपक्ष ने घेरा
तमिलनाडु के पूर्व मंत्री और डीएमके विधायक अनिता आर. राधाकृष्णन को मानहानि मामले में मद्रास हाई कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तारी के बाद डीएमके कार्यकर्ताओं ने विजय सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट:-
चेन्नई, 3 जुलाई 2026. तमिलनाडु के पूर्व मंत्री और डीएम के विधायक अनिता आर. राधाकृष्णन को मानहानि के मामले में मद्रास हाई कोर्ट से अग्रिम जमानत नहीं मिलने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. यह मामला 20 जून को अथूर में आयोजित एक जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय पर कथित मानहानिपूर्ण टिप्पणी से जुड़ा है. गिरफ्तारी के बाद डीएमके कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया है. इस दौरान डीएमके पार्टी सांसद कनिमोझी ने कहा कि यह कार्रवाई राजनीतिक बदले से की गई है.
जानिए किस मामले में हुई गिरफ्तारी
अनिता आर. राधाकृष्णन के खिलाफ 20 जून को तूतीकोरिन जिले के अथूर में आयोजित डीएमके की एक जनसभा के दौरान दिए गए विवादित बयान को लेकर मामला दर्ज किया गया था. आर. राधाकृष्णन पर आरोप है कि उन्होंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को लेकर विवादित टिप्पणी की थी. इसी मामले में उन पर मानहानि और विवाद भड़काने से जुड़े आरोप लगाए गए हैं.
हाई कोर्ट ने क्यों खारिज की जमानत याचिका?
मद्रास हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति जस्टिस जीके इलंथिरैयन ने अनिता आर. राधाकृष्णन की अग्रिम जमानत खारिज कर दी. सुनवाई के दौरान अदालत ने कहा कि वर्ष 1967 से तमिलनाडु में फिल्म जगत से जुड़े नेता सरकार चलाते रहे हैं. अदालत ने पूर्व मंत्री के भाषण पर भी सवाल उठाए और उन्हें अग्रिम जमानत देने से इनकार कर दिया.
विकास कार्यों के निरीक्षण के दौरान पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से पहले विधायक राधाकृष्णन अथूर टाउन पंचायत पहुंचे थे. यह इलाका तिरूचेंदुर विधानसभा क्षेत्र के तहत आता है. यहां उन्होंने विकास कार्यों का जायजा लिया और टाउन पंचायत कार्यालय के साथ बने नए भवन का निरीक्षण किया. बाद में जैसे ही विधायक परिसर से बाहर निकले, पुलिस ने उन्हें रोक लिया और उन्हें उनकी गाड़ी से उतारकर पुलिस वाहन में बैठा लिया. खबर है कि पूछताछ के लिए पुलिस ने उन्हें अधीक्षक कार्यालय ले जाया गया है.
कनीमोझी ने सरकार पर लगाया बदले का आरोप
गिरफ्तारी के बाद डीएम के सांसद कनीमोझी ने पुलिस की कार्रवाई की कड़ी आलोचना की है. उन्होंने सोशल मीडिया एक्स प्लेटफार्म पर लिखा, तानाशाह सरकार की पुलिस द्वारा थुथुकुड़ी दक्षिण जिले के डीएमके सचिव और पूर्व मंत्री थिरू की गिरफ्तारी की हम निंदा करते हैं. विपक्षी विधायक को उनके चुनाव क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान इस तानाशाही विजय सरकार ने पूरी तरह से अराजक तरीके से गिरफ्तार किया है, यह निंदनीय है. डीएमके ऐसे दमनकारी हथकंडों के आगे कभी नहीं झुकेगी. कनीमोझी ने इस कार्रवाई को राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित बताया और कहा कि उनकी पार्टी ऐसे दबाव के आगे कभी नहीं झुकेगी.