कवर्धा में पांडातराई मोड़ पर फिर बड़ा हादसा: फोक नदी में गिरी इनोवा, जबलपुर से कोरबा जा रहे दंपती घायल
कवर्धा, 30 जून 2026। कबीरधाम जिले के पांडातराई मोड़ स्थित फोक नदी के पास एक बार फिर बड़ा सड़क हादसा हो गया। जबलपुर से कोरबा जा रही एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर सीधे हाफ नदी में जा गिरी और पलट गई। हादसे में कार सवार पति-पत्नी घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बाहर निकालकर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पांडातराई मोड़ पर तेज मोड़, अंधेरा और बारिश के कारण बाहर से आने वाले वाहन चालकों को सड़क की सही दिशा का अंदाजा नहीं लग पाता। इसी वजह से कार अनियंत्रित होकर नदी में जा गिरी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अंधेरे तथा मूसलाधार बारिश के बीच कड़ी मशक्कत कर दोनों घायलों का सफल रेस्क्यू किया।
गौरतलब है कि लगभग दो माह पहले भी इसी स्थान पर एक कार फोक नदी में गिर गई थी, जिसमें पांच युवकों की दर्दनाक मौत हो गई थी। इसके बावजूद इस ब्लैक स्पॉट पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए जाने से लगातार हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माणाधीन पुल/सड़क का कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है। पर्याप्त चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और प्रकाश व्यवस्था के अभाव में आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
इसमें सीधा-सीधा लोक निर्माण विभाग और संबंधित ठेकेदार की बड़ी लापरवाही दिखती है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति आक्रोश है और उन्होंने जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूरा करने तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पांडातराई से पोंड़ी मार्ग अभी भी अधूरा पड़ा है। जिसके चलते आए दिन दुर्घटना हो रही है।