• चार मौतों के पीछे की असल वजह : कथा में पत्नी का डांस, पनपा शक, उजाड़ दिया परिवार

    मध्य प्रदेश के  मुरैना जिले में एक परिवार की चार मौतों ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. शुरुआती तहकीकात में सामने आया है कि भागवत कथा में पत्नी की डांस को लेकर पति नाराज था और दोनों के बीच विवाद चल रहा था. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की हृदयविदारक रिपोर्ट:-

    मुरैना, 30 जून 2026.मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से  एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कथित  पारिवारिक विवाद ने पूरे परिवार को खत्म कर दिया. शुरुआती तहकीकात में सामने आया है कि भागवत कथा के दौरान पत्नी के डांस करने को लेकर पति नाराज था और इसी नाराजगी ने कथित तौर पर पहले पत्नी और अपने 2 मासूम बेटों की हत्या कर दी और बाद में खुद भी जान दे दी. हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से पड़ताल की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद घटना की असलियत सामने आएगी.

    भागवत कथा के डांस के बाद पति- पत्नी के बीच बढ़ा विवाद 

    यह वारदात मुरैना जिले के  माताबसैया पुलिस क्षेत्र की है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, 32 वर्षीय बलराम और उसकी पत्नी रविता के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था. ग्रामीणों का कहना है कि हाल ही में गांव में आयोजित भागवत कथा के दौरान रविता ने डांस किया था. इसी बात को लेकर बलराम नाराज था और दोनों के बीच लगातार झगड़े होने लगे थे.

    चरित्र पर भी शक की चर्चा
    ग्रामीणों के मुताबिक, पति अपनी पत्नी के चरित्र पर भी शक करता था. लेकिन पुलिस ने इन दावों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस का कहना है कि यह केवल स्थानीय लोगों की बातें हैं और पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है. मिली जानकारी के मुताबिक, रविता दो दिन पहले ही अपने मायके से ससुराल लौटी थी. इसके बाद घर में विवाद और बढ़ गया. बीते शनिवार को हालात इतने बिगड़ गए कि पूरा परिवार तबाह हो गया.

    पत्नी और दो बेटों की हत्या का संदेह 

    पुलिस को आशंका है कि बलराम ने पहले  अपनी पत्नी रविता और दोनों मासूम बेटों की और बाद में उसने खुद ट्रेन के आगे खुद कर खुदकुशी कर ली. पुलिस फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम की तहकीकात कर रही है.

    पुलिस जुटा रही साक्ष्य

    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मौके से साक्ष्य जुटाए. पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके. पुलिस का कहना है कि फिलहाल पारिवारिक विवाद के एंगल  पर तहकीकात की जा रही है. सभी तथ्यों की  पड़ताल के बाद ही मौतों की वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगी.

    पुलिस अधीक्षक ने क्या कहा

    मुरैना के पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीणा ने बताया कि घटना बेहद दुखद है. जांच पूरी होने से पहले किसी एक कारण को अंतिम नहीं माना जा सकता. पुलिस सभी संभावित पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है. वहीं, इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे मुरैना इलाके में शोक का माहौल है. जहां एक पारिवारिक विवाद ने देखते ही देखते 4 जिंदगियां खत्म कर दी. पुलिस की तहकीकात जारी है और सभी रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इस खौफनाक वारदात के पीछे असली वजह क्या था.