चार दिन की नवजात शिशु को 5 लाख में बेचने की तैयारी विफल, बालापुर पुलिस ने महिला को दबोचा
तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के बालापुर क्षेत्र में पुलिस ने मानव तस्करी से जुड़े एक बेहद गंभीर मामले का खुलासा किया है. महज 4 दिन की नवजात शिशु को बेचे जाने की कोशिश को पुलिस ने विफल कर दिया है. वहीं, पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर मासूम बच्ची को सुरक्षित बचा लिया और इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और साजिश में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश कर रही है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट:-
हैदराबाद, 1 अगस्त 2026. पुलिस के मुताबिक, हैदराबाद के चंद्रायणगुट्टा निवासी वहीदा खातून ने बरकस इलाके की पीली दरगाह में रहने वाली मेहरून्निसा से संपर्क कर नवजात बच्ची को बेचने का प्रस्ताव दिया. शुरुआत में बच्ची की क़ीमत 6 लाख रुपए तय हुई थी, लेकिन दोनों पक्षों के बीच सहमति बन जाने से 5 लाख रुपए मामला पट गया. पहले यह लेनदेन यहां के शहीन नगर में होना था, लेकिन बाद में जगह बदलकर पहाड़ी शरीफ स्थित एक फंक्शन हॉल के पास कर दिया गया.
सामाजिक कार्यकर्ता की पहल से सौदा विफल
इस पूरे मामले की भनक लगने पर सामाजिक कार्यकर्ता सफिया माही ने इसकी खबर बालापुर पुलिस को भेज दी. खबर पाते ही पुलिस और सामाजिक कार्यकर्ता ने मिलकर मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की और नवजात को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया एवं मौके से वहीदा खातून को गिरफ्तार कर लिया.
अस्पताल से छुट्टी के बाद रची गई थी साजिश
शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि नवजात बच्ची की मां यहां के गोलकोंडा इराकी की रहने वाली है और उसने मंगलवार को ही एक अस्पताल में उक्त शिशु को जन्म दिया था. घटना वाले दिन ही उसे मलकपेट अस्पताल से छुट्टी मिली थी. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि नवजात को बेचने की योजना किन परिस्थितियों में बनाई गई और इसमें परिवार या अन्य लोगों की क्या भूमिका थी.
मानव तस्करी के एंगल से जांच जारी
बालापुर पुलिस ने मामला दर्ज कर विस्तृत तहकीकात शुरू कर दी है. अधिकारी यह भी पता लगाने में जुटे हैं कि इस कथित सौदे के पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है या नहीं? वहीं, बच्ची की सुरक्षा और उसके भविष्य को लेकर संबंधित विभागों से भी समन्वय बनाने की कोशिश की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी लोगों की पहचान किए जाने के बाद उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.