• प्रेमी के प्यार में अंधी नर्स ने उठाया खौफनाक कदम,  पति को लगा दिया टॉयलेट क्लीनर वाला इंजेक्शन..

    तेलंगाना के निजामाबाद में एक नर्स ने एक दिन पहले पति को धक्का देकर मारने की कोशिश की थी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती पति को कैनुला के जरिए टॉयलेट क्लीनर का इंजेक्शन दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.

    हैदराबाद, 8 जुलाई 2026। तेलंगाना के निजामाबाद में एक नर्स ने पहले दिन पति को नशे की हालत में धक्का देकर मारने की कोशिश की और वह बच गया. फिर गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती पति को ड्रिप में टॉयलेट क्लीनर का इंजेक्शन देकर मार डाला. पुलिस के मुताबिक, महिला ने पति के ड्रिप में टॉयलेट क्लीनर का इंजेक्शन दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान प्रशांत (35 वर्ष) के रूप में हुई है, जो गल्फ में काम करता था. प्रशांत की मां ने 1 जुलाई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्हें 30 जून को अपने बेटे की मौत की खबर मिली.

    मृतक की मां ने पुलिस को बताया कि उन्हें यह तक नहीं पता था कि उनका बेटा घर वापस आ गया है और मौत से पहले उसके साथ क्या-क्या हुआ. मां ने अपने बेटे की मौत को रहस्यमय बताते हुए अपनी बहू पर शक जताया था.

    अवैध संबंध के बाद हत्या की साजिश
    पुलिस जांच के दौरान मिले तकनीकी सबूतों के आधार पर यह बात सामने आई कि संध्या का अनिल नाम के एक व्यक्ति के साथ अवैध संबंध था. पुलिस के अनुसार, संध्या और अनिल ने प्रशांत को रास्ते से हटाने की साजिश रची, क्योंकि उन्हें लगा कि पति उनके प्रेम प्रसंग में सबसे बड़ी बाधा है. अपनी इस खौफनाक साजिश को अंजाम देने के लिए उन्होंने वेंकट साई नाम के एक अन्य व्यक्ति की मदद ली.

    पहले छत से धक्का दिया
    योजना के तहत 29 जून को साई प्रशांत के घर गया और उसे काफी मात्रा में शराब पिलाई. इसके बाद साई प्रशांत को इमारत की छत पर ले गया और योजना के अनुसार, उसे छत से नीचे धक्का दे दिया. हालांकि इस घटना में प्रशांत की जान बच गई, लेकिन उसे गंभीर चोटें आईं. इसके बाद संध्या और साई घायल प्रशांत को इलाज के लिए पहले एक सरकारी अस्पताल ले गए. बाद में उसे एक निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया, लेकिन फिर वे उसे वापस घर ले आए.

    फिर टॉयलेट क्लीनर और बेहोशी की दवा का इंजेक्शन लगा
    वहीं प्रेमी अनिल के कहने पर संध्या ने इलाज के लिए प्रशांत के ड्रिप में टॉयलेट क्लीनर और बेहोशी की दवा का इंजेक्शन मिला दिया. इतना ही नहीं इसके बाद संध्या ने प्रशांत को खाट से नीचे धक्का दे दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.

    पुलिस जांच के दौरान तीनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.