• पारिवारिक विवाद में खूनी खेल: बेमेतरा  में डबल मर्डर, भाभी व भतीजी की हत्या करने वाला देवर गिरफ्तार

    बेमेतरा जिले में पारिवारिक विवाद  ने खूनी रूप ले लिया. एक व्यक्ति ने अपनी भाभी और 18 वर्षीय भतीजी की बांस के डंडे से पीट - पीटकर हत्या कर दी. इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट:-

    बेमेतरा, 18 जून 2026 छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के दाढ़ी पुलिस इलाके के घोरेघाट गांव में पारिवारिक विवाद ने बीती शाम खूनी रूप ले लिया. एक व्यक्ति ने अपनी भाभी और 18 वर्षीय  भतीजी की  बांस के डंडे से पीट -- पीटकर हत्या कर दी. दाढ़ी पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या आरोपी देवर को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, घोरेघाट निवासी नंदकुमार गंधर्व मंगलवार शाम करीब 7 बजे दाढ़ी से अपने गांव लौट रहा था, उसी वक्त खेलन आडिल के घर के सामने पहुंचने पर उसने देखा कि हेमलाल आडिल अपनी भतीजी के साथ मारपीट कर रहा है. उसके हाथ में बांस का डंडा था और वह एक युवती  का सिर नाली में दबाए हुए था. नंदकुमार के शोर मचाने पर आरोपी ने धमकी देते हुए कहा कि रोज-रोज का झगड़ा करते हो, परिवार के किसी सदस्य को जिंदा नहीं छोडूंगा. दो लोगों को मार चुका हूं, अब औरों को भी मारूंगा. इसके बाद वह मौके से भाग गया.

    नाली में  मिला युवती का शव 

    प्रत्यक्षदर्शी जब घटनास्थल पर पहुंचे तो वहां 18 वर्षीय शकुंतला आडिल का शव नाली में पड़ा मिला. उसका चेहरा कीचड़ और पानी में डूबा हुआ था. आसपास खून फैला हुआ था. जांच के दौरान उसकी मां कुमारी बाई आडिल (50) का  शव भी बरामद हुआ. दोनों के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले. सूचना पर  दाढ़ी पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी. घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को तत्काल अवगत कराया गया.

    पूछताछ में कबूला जुर्म 
    पुलिस ने आरोपी हेमलाल आडिल ( 45) को हिरासत में लेकर पूछताछ  की तो आरोपी ने पारिवारिक विवाद के चलते भाभी और भतीजी की हत्या करना स्वीकार कर लिया. उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बांस का डंडा और साक्षय बरामद किए. पुलिस ने बुधवार को आरोपी हेमलाल को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.

    8 साल जेल काट चुका है आरोपी 

     जांच में यह भी सामने आया कि हेमलाल आडिल पूर्व में भी गंभीर मामले में दोषी कराया जा चुका है एवं वर्ष 2016 के अपराध में उसे 10 वर्ष के कठोर कारावास की सजा हुई थी. लगभग 8 वर्ष जेल में रहने के बाद वह वर्ष 2024 में रिहा होकर गांव में रह रहा था और फिर जघन्य अपराध कर डाला.