महिला इंजीनियर ने लगाई छठी मंजिल से छलांग, मौके पर हुई मौत, गोद में थी 6 महीने की बच्ची
हैदराबाद के मियांपुर में 37 साल की सॉफ्टवेयर इंजीनियर ईशा साहू ने अपनी 6 महीने की बच्ची को गोद में लेकर छठी मंजिल से कूद कर अपनी जान दे दी, लेकिन नीचे गिरते वक्त गोद में मासूम बच्ची की जान बच गई. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट:-
हैदराबाद, 18 जून 2026. यहां के मियांपुर इलाके से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक बहु मंजिला इमारत छठी मंजिल से छलांग लगाने के कारण 37 साल की महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौके पर ही मौत हो गई. इस आत्मघाती कदम को उठाते वक्त महिला इंजीनियर की गोद में 6 महीने की मासूम बच्ची भी थी. लेकिन जैसे ही उसने छलांग लगाई, महिला की गोद से मासूम बच्ची छिटककर दूर जा गिरी, जिससे उसकी जान बच गई.
यह पूरी घटना हैदराबाद स्थित मियांपुर के मयूरी नगर में मौजूद ' लक्ष्मी प्रेस्टीज अपार्टमेंट' की है. मृतक महिला सॉफ्ट इंजीनियर की पहचान ईशा साहू के रूप में हुई है, पेशे से एक आईटी इंजीनियर थी.
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ईशा अपनी 6 महीने की मासूम को सीने से लगाते हुए अचानक अपार्टमेंट की छठी मंजिल से नीचे कूद गई. हालांकि, नीचे गिरते वक्त हवा में ही बच्ची अचानक मां के हाथों से फिसल गई. यही वजह रही कि ईशा की तो मौत हो गई, लेकिन मासूम बच्ची को सिर्फ मामूली चोटें आई और उसकी जान बच गई. हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल बच्ची को केपीएचबी के लोटस हॉस्पिटल में एडमिट कराया. डॉक्टर का कहना है कि मासूम बच्ची अब पूरी तरह स्वस्थ है और खतरे से बाहर हैं.
इस कदम के पीछे की जो वजह सामने आ रही है, वह मानसिक तनाव से जुड़ी है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ईशा बीते कई महीनो से इनसोम्निया यानी नींद ना आने की गंभीर बीमारी से जूझ रही थी. वह रात - रात भर सो नहीं पाती थी. जांच कर रहे अधिकारियों का अनुमान है कि लंबे समय तक नींद पूरी न होने की वजह से वह गहरे डिप्रेशन में चली गई, जिसके चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया. फिलहाल मियापुर पुलिस इस मामले में एक केस दर्ज कर अपार्टमेंट के लोगों और मृतक परिवार से तहकीकात कर रही है, ताकि घटना की असली वजह का पता लगाया जा सके.