नौगई- कोरिया ट्रिपल मर्डर केस की CBI करेगी जांच
कोरिया में भाजपा नेता समेत 3 को जिंदा जलाकर मारने के मामले की जांच CBI को सौंपी गई है। पीड़ित परिवार ने सीबीआई जांच की मांग की थी।
रायपुर/ कोरिया, 1 जुलाई 2026। रेत की खेल में कोरिया के नौगाई ट्रिपल मर्डर केस में साय सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. बहुचर्चित नौगई ट्रिपल मर्डर केस की जांच अब सीबीआई करेगी. छत्तीसगढ़ गृह विभाग ने यह आदेश जारी किया है. पीड़ित परिवार की लगातार मांग, क्षेत्र में बढ़ते जनआक्रोश और निष्पक्ष जांच की उठ रही आवाजों के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने इस मामले में सीबीआई जांच की आधिकारिक मंजूरी दे दी है. गृह विभाग द्वारा इस संबंध में विधिवत राजपत्रित अधिसूचना भी जारी कर दी गई है.
कब हुई थी वारदात जानिए ?
नौगई क्षेत्र में 16 जून की रात हुई घटना ने पूरे कोरिया जिले को हिलाकर रख दिया था. इस हत्याकांड में भरत सिंह, नागेंद्र सिंह और वीरेंद्र सिंह की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी. बंद गाड़ी में चारों तरफ से घेरकर गाड़ी में पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। जिससे गाड़ी में बंद पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे। तीन लोगों की आग में जिंदा जलकर मौत हो गई. वहीं घटना में घायल हुए दो लोग अब भी गंभीर स्थिति में उपचाररत बताए जा रहे हैं. वारदात के बाद से ही क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना हुआ था. ग्रामीणों और पीड़ित परिवार का आरोप था कि मामले में केवल गिरफ्तारियां ही पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि घटना के पीछे जुड़े हर व्यक्ति तक जांच पहुंचनी चाहिए.
पीड़ित परिवार ने की निष्पक्ष जांच की मांग
हत्याकांड के बाद पीड़ित परिवार लगातार मांग कर रहा था कि मामले की जांच किसी स्वतंत्र और बड़ी जांच एजेंसी से कराई जाए, ताकि घटना के पीछे की वास्तविक वजह और इसमें शामिल सभी लोगों की भूमिका सामने आ सके.परिजनों का कहना था कि न्याय तभी मिलेगा जब पूरे मामले की गहराई से जांच होगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
CBI के हाथों में होगी जांच की कमान
गृह विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना अधिनियम, 1946 की धारा 6 के तहत राज्य सरकार ने सीबीआई जांच के लिए सहमति प्रदान की है. अब थाना सोनहत जिला कोरिया में दर्ज संबंधित अपराधों की जांच का अधिकार केंद्रीय जांच ब्यूरो को मिलेगा. सीबीआई स्थानीय पुलिस से केस डायरी और अन्य दस्तावेज लेकर नए सिरे से जांच शुरू करेगी. अधिसूचना के मुताबिक थाना सोनहत, जिला कोरिया में दर्ज अपराध क्रमांक 65/2026 और 66/2026 की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) करेगी.
अधिसूचना में क्या कहा गया है?
● 30 जून 2026 को गृह विभाग ने अधिसूचना जारी की.
● दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना अधिनियम, 1946 की धारा-6 के तहत अनुमति दी गई.
● थाना सोनहत, जिला कोरिया के अपराध क्रमांक 65/2026 और 66/2026 की जांच CBI करेगी.
● सीबीआई को पूरे छत्तीसगढ़ में इस मामले की जांच के लिए अधिकार क्षेत्र प्रदान किया गया है.
● अधिसूचना की प्रति केंद्र सरकार, सीबीआई, डीजीपी छत्तीसगढ़, आईजी सरगुजा रेंज और अन्य संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है.
पुलिस के मनोबल पर असर
राज्य पुलिस नौगई हत्याकांड पर फौरी कार्रवाई करते हुए मामले के 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर ली थी। बताते हैं जांच तेजी से चल रही थी। रेंज आईजी खुद मोनिटरिंग कर रहे थे। वहीं जानकार कहते हैं कि पुलिस की अच्छी कार्रवाई के बावजूद मामला केंद्रीय एजेंसी को सौंपना पुलिस के मनोबल पर असर पड़ सकता है। सीबीआई जांच शुरू होने के बाद अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि वह इस जघन्य हत्याकांड में क्या निचोड़ निकलती है. जांच एजेंसी की पड़ताल में घटना के पीछे की वजह, भूमिका निभाने वाले लोग और किसी भी तरह की साजिश से जुड़े तथ्यों का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है.बहरहाल पीड़ित परिवार और क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि केंद्रीय जांच एजेंसी की निष्पक्ष जांच से उन्हें न्याय मिलेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी.