यौन शोषण के आरोप में एफआईआर दर्ज होने के बाद IPS ने खाया जहर, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
एक महिला अफसर द्वारा यौन उत्पीड़न और मारपीट के आरोपों में आपराधिक मामला दर्ज कराने के एक दिन बाद IPS अधिकारी ने सोमवार को आत्महत्या का प्रयास किया। साथी महिला द्वारा एफआईआर दर्ज कराने से आहत आईपीएस ने जहर खा लिया। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। क्रिटिकल केयर यूनिट में डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
हैदराबाद, 20 जुलाई 2026। साथी महिला अधिकारी द्वारा पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराने के एक दिन बाद ट्रेनी IPS उदय कृष्ण रेड्डी ने आत्महत्या का प्रयास किया है। उन्हें गंभीर हालत में हैदराबाद के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला शिवरामपल्ली में सरदार वल्लभभाई पटेल नेशनल पुलिस एकेडमी (SVPNPA) का है। अपनी शिकायत में महिला ट्रेनी ऑफिसर ने IPS उदय कृष्ण रेड्डी के खिलाफ यौन उत्पीड़न, मारपीट और आपराधिक धमकी का आरोप लगाया है। उनकी शिकायत पर हैदराबाद के अत्तापुर पुलिस थाने में केस दर्ज किया गया है।
अत्तापुर पुलिस स्टेशन में दर्ज उत्पीड़न के मामले में आरोपों का सामना कर रहे ट्रेनी IPS अधिकारी उदय कृष्णा रेड्डी को लेकर जैसे ही खबरें आईं और सोशल मीडिया पर महिला अधिकारी को लेकर लोग कई तरह से भड़ास निकालने की बात कही जा रही है। और उदय कृष्ण रेड्डी ने जहर खा लिया। उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
आईसीयू में भर्ती, हालत गंभीर
अधिकारियों ने बताया कि उदय कृष्ण रेड्डी को एसआर नगर के जयंती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनका इलाज इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में चल रहा है। पुलिस ने इस घटना की जांच शुरू कर दी है, जबकि यौन उत्पीड़न के मामले की जांच भी जारी है। उदय कृष्ण रेड्डी कांस्टेबल से आईपीएस बने हैं।
भाई के घर पर खाया जहर
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उदय कृष्ण रेड्डी रविवार रात मोती नगर, एर्रागड्डा में अपने वकील के घर गए थे। वह अपने भाई के घर पर रुके थे। बताया जा रहा है कि उदय कृष्ण रेड्डी बेहद तनाव में थे। सोमवार सुबह-सुबह, उन्होंने आत्महत्या की कोशिश में जहरीली चीज खा ली। परिवार के सदस्य उन्हें तुरंत जयंती अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें ICU में भर्ती किया। उनकी हालत पर डॉक्टरों की कड़ी नजर है।
बचपन में माता-पिता खोया, दादी ने सब्जी बेचकर पाला
उदय कृष्ण रेड्डी का जीवन संघर्ष से भरा हुआ रहा है। महज पांच साल की उम्र में उन्होंने अपनी मां को खो दिया। कुछ वक्त बाद सिर से पिता का साया भी उठा गया। उस वक्त दादी ने उदय कृष्ण को पाला। घर के हालात अच्छे नहीं थे। दादी सब्जी बेचती थी, जिससे घर का खर्च चलता था। उनकी दादी का मानना था कि जीवन में 10वीं क्लास तक की पढ़ाई काफी होती है। फिर भी उन्होंने कभी भी उदय के प्यार और पढ़ाई में कमी नहीं आनी दी। उन्होंने पूरा सपोर्ट किया।
सीनियर अधिकारी के अपमान ने बनाया आईपीएस
उनका सेलेक्शन पुलिस कॉन्स्टेबल की नौकरी के लिए हो गया। पुलिस कॉन्स्टेबल की जॉब अच्छी थी, लेकिन उतनी रिस्पेक्ट नहीं मिली। वे साल 2013 से 2018 तक आंध्र प्रदेश पुलिस में कॉन्स्टेबल पद पर रहे। एक रिपोर्ट से पता चला कि साल 2018 में सीनियर ऑफिसर से मिले अपमान ने उन्हें इतना झंकझोर दिया कि उन्होंने तुरंत नौकरी से इस्तीफा दे दिया। उनके सर्कल इंस्पेक्टर (CI) ने करीब 60 साथी पुलिसकर्मियों के सामने उदय का अपमान किया था। कथित तौर पर इस अपमान से निराश होकर उन्होंने दृढ़ संकल्प लिया कि वे यूपीएससी एग्जाम पास करना है।
महिला की शिकायत पर मामला दर्ज
आत्महत्या की यह कोशिश उस घटना के ठीक एक दिन बाद हुई है जब अट्टापुर पुलिस ने सरदार वल्लभभाई पटेल नेशनल पुलिस अकादमी (SVPNPA) की एक साथी ट्रेनी IPS अधिकारी की शिकायत पर उदय कृष्ण रेड्डी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया था। शिकायतकर्ता ने उन पर ट्रेनिंग के दौरान यौन उत्पीड़न, पीछा करने, शारीरिक मारपीट, आपराधिक धमकी और ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया। पुलिस ने प्राइवेसी के उल्लंघन और यौन रूप से अश्लील सामग्री भेजने के आरोपों के तहत इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एक्ट की धाराएं भी लगाई हैं।