• अयोध्या में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय होटल में नजरबंद, सैकड़ो समर्थकों के साथ रामलला दर्शन की थी तैयारी

    कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को सोमवार देर रात एक होटल में अरेस्ट कर लिया गया. इसके अलावा कांग्रेस के कई पदाधिकारी को भी हाउस अरेस्ट कर बाहर न निकलने की  हिदायत दी गई है. दरअसल, राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में मंगलवार को सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करते हुए राम लाल के दर्शन करने का कार्यक्रम प्रस्तावित था. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की  विशेष रिपोर्ट:-  

    अयोध्या, 30 जून 2026. अयोध्या में होने वाले इस कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस नेता को रोके जाने की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस नेता गुपचुप तरीके से अयोध्या पहुंच गए थे. प्रदेश अध्यक्ष अजय राय एक दिन पहले ही यानि सोमवार शाम ट्रेन से अयोध्या पहुंच गए और उन्होंने स्टेशन के ही समीप एक होटल में अपना ठिकाना बना लिया था, लेकिन इस बात की भनक पुलिस प्रशासन को लग गई. उन्हें तुरंत हाउस अरेस्ट कर लिया गया. अजय राय फिलहाल अयोध्या स्थित होटल में नजरबंद है.

    अयोध्या के प्रस्तावित कांग्रेस के इस कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष  अजय राय के नेतृत्व में कई सांसद और विधायकों को भी शामिल होना था. जिसमें सांसद किशोरी लाल शर्मा, तनुज पुनिया, राकेश राठौर, उज्जवल रमण सिंह, पूर्व सांसद एपी गौतम, विधायक वीरेंद्र चौधरी, पूर्व एमएलसी दीपक सिंह, पूर्व विधायक मीता गौतम के भी नाम शामिल हैं. सूत्र बताते हैं कि पुलिस इन सभी नेताओं को भी ढूंढने का प्रयास कर रही है. बताया जा रहा है कि ये सभी अयोध्या के अलग-अलग होटल में रुके हुए हैं.

    दरअसल, इसके पहले 18 जून को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने अयोध्या के हनुमानगढी और राम मंदिर में दर्शन पूजन किया था. इस दौरान राम मंदिर में हुई घटना को सुनोजित उन्होंने लूट बताया था. इस बीच कांग्रेस नेता के रोके जाने और हाउस अरेस्ट की इस कार्रवाई को  कांग्रेस ने लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया है. जानकारी मिली है कि आज प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य और वरिष्ठ कांग्रेस नेता संजय तिवारी को भी कुमारगंज पुलिस उन्हें उनके आवास पर ही रोक लिया और हाउस अरेस्ट कर लिया.