• पांच साल सरकार में रही कांग्रेस, झीरम के कथित साक्ष्य आखिर कहां गए : दीपक बैज के बयान पर केदार कश्यप का पलटवार

    रायपुर, 14 अगस्त 2026। वन मंत्री  केदार कश्यप ने झीरम घाटी को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के बयान पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने कभी वीर सपूतों और शहीदों का अपमान नहीं किया। झीरम घाटी की घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण थी और भाजपा सरकार एवं संगठन ने हमेशा नक्सलियों की कड़ी भर्त्सना की है।

    कश्यप ने कहा कि दीपक बैज भाजपा पर आरोप लगाने से पहले अपनी पार्टी के नेताओं के बयानों का जवाब दें। राहुल गांधी, दिग्विजय सिंह अथवा छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नेताओं की ओर से नक्सलवाद को लेकर विवादित बयान सामने आते हैं या हिड़मा को ‘रोल मॉडल’ बताने जैसी बातें कही जाती हैं, तब कांग्रेस नेतृत्व चुप्पी क्यों साध लेता है? यही कांग्रेस की दोहरी मानसिकता और दोहरी नीति को उजागर करता है।

    कश्यप ने कहा कि कांग्रेस के तत्कालीन मुख्यमंत्री लगातार दावा करते रहे कि उनके पास झीरम घटना से जुड़े पूरे साक्ष्य मौजूद हैं। प्रदेश में पांच वर्षों तक कांग्रेस की सरकार रही, फिर वे साक्ष्य सामने क्यों नहीं आए? यदि कांग्रेस के पास साक्ष्य थे तो उन्हें सार्वजनिक करने और उचित कार्रवाई करने से किसने रोका?

    क्या कहा था दीपक बैज ने..

    छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने बीजेपी नेताओं से झीरम कांड के लिए जनता से माफी मांगने की बात कही थी दीपक बैज ने कहा था कि बीजेपी नेताओं को उन शहीद कांग्रेस नेताओं से भी माफी मांगनी चाहिए जो इस कांड का शिकार बने। छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार पूरी तरह से फेल हो चुकी है। इनके पास राजनीति के लिए ना तो कोई मुद्दे बचे हैं और ना ही जनता का भरोसा। बीजेपी लगातार जनता के भीतर अपना विश्वास खोते जा रही हैं और यही वजह है कि इनके नेता अब अनर्गल बयान देते हैं।

    झीरम कांड को लेकर करना चाहिए प्रायश्चित

    दीपक बैज ने कहा था कि छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री तिरंगा यात्रा में झीरम जा रहे हैं उन्हें जाना भी चाहिए और झीरम कांड को लेकर उन्हें प्रायश्चित भी करना चाहिए। दीपक बैज ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार लगातार जनता से झूठ बोल रही है। इनके पास काम करने के लिए कुछ बचा नहीं है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार लगातार झूठ बोल रही है और जनता को गलत जानकारी दे रही है।