'आपकी बहादुरी कभी नहीं भूलेगा बादल परिवार,' सुखबीर बादल की जान बचाने वाली इंस्पेक्टर की हरसिमरत ने की तारीफ
नांदेड़ में सुखबीर सिंह बादल पर हुए हमले के दौरान उनकी जान बचाने वाले महाराष्ट्र पुलिस के इंस्पेक्टर संतोष वैजनाथ की हरसिमरत कौर बादल ने जमकर तारीफ की है. उन्होंने पुलिसकर्मी की बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा को सलाम करते हुए बादल परिवार की ओर से आभार जताया. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट:-
चंडीगढ़, 14 अगस्त 2026. महाराष्ट्र में हुए हमले में पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री और शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख सुखबीर सिंह बादल को बचाने वाले इंस्पेक्टर संतोष वैजनाथ की बहादुरी सांसद और सुखबीर सिंह बादल की पत्नी हरसिमरत कौर बादल ने एक्स पर पोस्ट किया कि नांदेड़ में हुए हमले के दौरान सुखबीर सिंह बादल की जान बचाने में बहादुरी दिखाने के लिए मैं महाराष्ट्र पुलिस की विशेष सुरक्षा यूनिट इंस्पेक्टर संतोष वैजनाथ को सलाम करती हूं.
आपकी बहादुरी को कभी नहीं भुलाया जा सकेगा
हरसिमरत कौर ने कहा कि संतोष, आप सुखबीर और हमलावर के बीच एक ढाल बनकर खड़े रहे और उनकी रक्षा के लिए अपनी जान जोखिम में डाल दी. ऐसा करके आपने हमें याद दिलाया कि वर्दी पहनने का असली मतलब क्या है. खुद से ऊपर अपनी ड्यूटी को रखना और डर से ऊपर हिम्मत को रखना. बादल परिवार आपके प्रति गहरा आभार व्यक्त करता है. आपकी बहादुरी को कभी नहीं भुलाया जा सकेगा. वाहेगुरु आपको जल्द स्वस्थ करें. साथ ही, यशोसाई अस्पताल के डॉक्टर और पूरे स्टाफ का भी विशेष जिक्र करना चाहूंगी, जिन्होंने हमें सहारा देने के लिए लगातार सेवा की.
निहंग के वेश में आए शख्स ने किया था हमला
दरअसल, गुरुवार को महाराष्ट्र के नांदेड़ में माता साहिब कौर गुरुद्वारे में निहंग के वेश में आए एक हमलावर ने सुखबीर सिंह बादल पर हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए. यह घटना तब हुई जब बादल शहर के बाहरी इलाके में स्थित हजूर साहिब क्षेत्र के माता साहिब गुरुद्वारा गए थे. अकाली दल प्रमुख पर कृपाण से हमला किया गया. स्थानीय अधिकारियों ने हमलावर की पहचान 62 वर्षीय जसपाल सिंह के तौर पर की है, जिसे मौके पर ही पुलिस ने दबोच कर हिरासत में ले लिया.
पेट में चाकू घोंपने की कोशिश
सूत्रों के मुताबिक, हमलावर ने बादल के पेट में चाकू घोंपने की कोशिश की थी. लेकिन मौके पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने समय रहते हस्तक्षेप किया और हमलावर को और गंभीर चोट पहुंचाने से रोक लिया.