सिपाही पर लगा फौजी की पत्नी को भगाने का आरोप, महिला का वीडियो आने के बाद हुआ बड़ा खुलासा
बुलंदशहर में फौजी देवदर्शन और यूपी पुलिस के सिपाही सनी के बीच का विवाद गहरा गया है. फौजी की पत्नी जाह्नवी ने वीडियो जारी कर पति पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है, इसके बाद पुलिस ने सिपाही सनी को क्लीनचिट दे दी है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की सनसनीखेज रिपोर्ट :-
बुलंदशहर, 1 जुलाई 2026. उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले से एक देश के रक्षक (फौजी) और एक कानून के रखवाले ( पुलिस कर्मी ) के बीच का पारिवारिक और कानूनी विवाद इन दिनों सोशल मीडिया से लेकर गलियारों तक जोरदार चर्चा का विषय बना हुआ है.
दरअसल, भारतीय सेना के फौजी देवदर्शन ने उत्तर प्रदेश पुलिस के सिपाही सनी पर अपनी पत्नी जाह्नवी को बहला फुसलाकर भगाने का बेहद गंभीर आरोप लगाया था. सिपाही पर फौजी की पत्नी को गायब करने के संगीन आरोपों के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था. लेकिन अब इस पूरे मामले में फौजी की पत्नी जान्हवी का एक विस्फोटक वीडियो बयान सामने आने के बाद पूरी कहानी उलट गई."
"जबरन कराई गई थी शादी, वापस नहीं लौटूंगी "
फौजी के आरोपों के बीच उसकी पत्नी जान्हवी ने खुद एक वीडियो जारी कर अपने पति देवदर्शन पर प्रताड़ना और अत्यधिक पाबंदियां लगाने के गंभीर आरोप लगाए हैं. वीडियो में जान्हवी ने स्पष्ट रूप से कहा, " मेरी फौजी देवदर्शन के साथ जबरन कोर्ट मैरिज कराई गई थी. शादी के बाद से ही वह मुझे मानसिक और शारीरिक तौर पर प्रताड़ित कर रहा था और मुझ पर कई तरह की पाबंदियां लगा दी गई थी. मैंने अपनी मर्जी से वह घर छोड़ा है और अब किसी भी कीमत पर वापस नहीं लौटूंगी."