सरगुजा की बेटियां चेन्नई में बंधक, MLA टाेप्पो को फोन कर लगाई छुड़ाने की गुहार, रिहाई के प्रयास तेज
सीतापुर क्षेत्र की तीन युवतियों के चेन्नई में बंधक होने की खबर मिलने के बाद विधायक रामकुमार टोप्पो ने प्रशासन को उनके सकुशल रिहाई कराने के निर्देश दिए हैं. पता चला कि पुलिस प्रशासन ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है।
अंबिकापुर/ चेन्नई, 23 जून 2026। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर क्षेत्र की तीन युवतियों के चेन्नई में बंधक होने का मामला सामने आया है। बंधक युवतियां चेन्नई से क्षेत्रीय विधायक रामकुमार टोप्पो को फोन कर खुद को बंधक बनाए जाने की जानकारी दी। साथ ही बताया कि उन्हें छोड़ने की एवज में 10-10 हजार रुपए की मांग कर रहे हैं। विधायक ने युवतियों से हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। साथ ही आर्थिक सहायता भेजकर जल्द से जल्द सुरक्षित घर लौटने की बात भी कही है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार सीतापुर थाना क्षेत्र के ग्राम भरतपुर, बेलजोरा और बिनई की रहने वाली तीन युवतियां जशपुर में तीन माह का सिलाई प्रशिक्षण लेने के बाद प्लेसमेंट के नाम पर तमिलनाडु के कांचीपुरम ले जाई गई थीं। आरोप है कि दो युवतियों और एक युवक ने रोजगार दिलाने का झांसा देकर उन्हें चेन्नई पहुंचाया।
पीड़ित युवतियों ने विधायक रामकुमार टोप्पो को बताई आप बीती
पीड़ित युवतियों का कहना है कि अब उन्हें घर वापस लौटने नहीं दिया जा रहा है। वहीं, वापस आने के लिए प्रत्येक युवती से 10-10 हजार रुपये की मांग की जा रही है। परेशान युवतियों ने चेन्नई से ही सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो से संपर्क कर अपनी आपबीती सुनाई और सुरक्षित घर वापसी की गुहार लगाई।
विधायक रामकुमार टोप्पो ने सुरक्षित घर पहुंचाने का दिलाया भरोसा
मामले की जानकारी मिलते ही विधायक रामकुमार टोप्पो ने पुलिस अधिकारियों से चर्चा कर युवतियों को सुरक्षित वापस लाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया। इसके साथ ही उन्होंने वीडियो कॉल के माध्यम से तीनों युवतियों से बात कर उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाने का भरोसा दिलाया। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने युवतियों की सुरक्षित वापसी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।