• ड्रग्स देते, रेप करते... हैदराबाद में छात्रा से हैवानियत, 8 दरिंदों ने  कार से लेकर ट्रेन तक किया सामूहिक बलात्कार

    हैदराबाद, 15 सितंबर 2026। हैदराबाद में आठ लोगों द्वारा एक नाबालिग लड़की के साथ बार-बार यौन उत्पीड़न की एक चौंकाने वाली घटना हाल ही में सामने आई है. पुलिस ने 8 आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. मामला अलवल का है.

    पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पीड़िता 16 साल की लड़की अभी इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रही है. जब वह दसवीं क्लास में थी तब उसकी सोशल मीडिया पर एक लड़के से दोस्ती हुई थी. कुछ महीने पहले उसने उसे नशीला पदार्थ मिली चॉकलेट खिलाई और अपनी कार के अंदर उसका यौन उत्पीड़न किया.

    इसके बाद आरोपी शख्स ने पीड़िता को दूसरे लड़के से मिलवाया. उसने लड़की को शराब, सिगरेट और गांजे की लत लगवा दी और कोमपल्ली इलाके में कई बार उसका यौन शोषण किया. हाल ही में उसके पिता को लड़की व्यवहार पर शक हुआ और उन्होंने इस महीने की 8 सितंबर को उसे डांटा. इसके बाद लड़की 9 सितंबर को घर से निकल गई और बोलारम रेलवे स्टेशन पहुंच गई.

    बोलारम रेलवे स्टेशन पर, पीड़िता की मुलाकात एक दूसरे शख्स से हुई. उसने अपने दोस्त को उस जगह बुलाया. दोनों ने मिलकर पीड़िता को ड्रग्स दिए और अलग-अलग उसका यौन उत्पीड़न किया. इसके बाद उस शख्स ने एक और दोस्त की मदद से उसे दुलापल्ली ले गया. दो और लोग उसके साथ आ गए और एक होटल के कमरे में उसका यौन उत्पीड़न किया. आखिरकार, पीड़िता को बोलारम में मामले में आरोपी शख्स के घर ले जाया गया. यहां 9 सितंबर की रात को लड़की को बंधक बना लिया गया.

    पीड़ित लड़की किसी तरह आरोपी के घर से भाग निकली और 10 सितंबर को बोलारम रेलवे स्टेशन पहुंच गई. हालांकि, दो आरोपी शख्स ने उसे रोक लिया. दोनों ने मिलकर लड़की को जबरदस्ती बेहोशी की दवा दी और उसे मेडचल रेलवे स्टेशन ले गए. वहां दोनों ने उसे मलकाजगिरी जाने वाली ट्रेन में बिठा दिया और फिर से उसका यौन शोषण किया.

    बाद में जब लड़की को ऑटो-रिक्शा में बिठाकर धूलपेट की ओर ले जाया जा रहा था तो लड़की जोर से चिल्लाने लगी. ऐसे में घबराबकर आरोपी उसे छोड़कर मौके से भाग फरार हो गए. भागकर फिर से घर लौटने के बाद पीड़ित लड़की ने अपने परिवार को पूरी घटना की जानकारी दी. उसके बाद पीड़ित लड़की के परिवार ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की.

    इस महीने की 12 सितंबर को पुलिस ने यौन उत्पीड़न के मामले में 8 लोगों को हिरासत में लिया. साथ ही पुलिस ने होटल के मालिक को भी गिरफ्तार कर लिया.13 सितंबर को कोर्ट में जज के सामने आरोपियों को पेश किया गया. यहां कोर्ट में जज के रिमांड के आदेश के बाद सभी आठ आरोपियों को चंचलगुडा जेल में भेज दिया गया.