• कर्नाटक: फ्रिज फटने से एक ही परिवार के चार महिलाओं की मौत, रात में सोते समय हादसा

    जब फ्रिज में विस्फोट हुआ तो परिवार के सदस्य सो रहे थे। विस्फोट के बाद घर के शेड में आग लग गई और चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। परिवार गणेश चतुर्थी मनाने की तैयारी कर रहा था।

    बेलगावी, 15 सितंबर 2026। कर्नाटक के बेलगावी में एक घर में फ्रिज में विस्फोट होने के बाद एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि यह हादसा सोमवार देर रात मार्केट थाना क्षेत्र के चावट गल्ली में हुआ। पुलिस के अनुसार, भारती धमोने (50), शारदा धमोने (45), गंगा धमोने (25) और प्रिया धमोने (24) की मौके पर ही मौत हो गई। गजानन धमोने (65) और रोशन धमोने (21) गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

    शारदा, गजानन की पत्नी थीं और भारती धमोने उनकी बहन थीं। प्रिया और गंगा, गजानन और शारदा की बेटियां थीं और रोशन उनका बेटा है।

    घर के अंदर फंस गए लोग
    पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में पता चला है कि घर के अंदर फ्रिज में धमाका होने के बाद आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें पूरे घर में फैल गईं, जिससे घर में मौजूद लोग अंदर ही फंस गए।

    बेलगावी पुलिस के मुताबिक, धमोने परिवार गणेश चतुर्थी मनाने की तैयारी कर रहा था और उन्होंने अपने घर में पूजा के लिए गणेश जी की मूर्ति रखी थी। रात के खाने के बाद परिवार के सभी लोग सो गए और फ्रिज उनके पास में रखा था।

    रात को आई तेज धमाके की आवाज
    घर के आसपास रहने वाले लोगों ने रात करीब 2:15 बजे तेज धमाके की आवाज सुनी और जब वे परिवार की मदद के लिए दौड़े तो वहां आग लगी हुई थी। वे गजानन और रोशन को तो बाहर निकालने में कामयाब रहे लेकिन बाकी लोगों की बुरी तरह झुलसने के बाद मौत हो गयी। पुलिस के अनुसार, गजानन और रोशन 60 प्रतिशत तक जल गए हैं।

    धमोने परिवार के घर का शेड धमाके से टूट गया और ज्यादातर कीमती सामान जल गया। एक पुलिस अफसर ने कहा, “पहली नजर में यह साफ है कि रेफ्रिजरेटर में धमाका हुआ लेकिन हम पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि धमाका कैसे हुआ। हम जांच कर रहे हैं कि क्या शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य वजह से धमाका हुआ। गणेश जी की मूर्ति को लाइटों से सजाया गया था और हमें शक है कि शॉर्ट सर्किट हो सकता है।”

    पुलिस ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और जांच चल रही है। गजानन धमोने बढ़ई का काम करते थे और परिवार के अन्य लोग घरों या दुकानों में काम करते थे।