• नीट पेपर लीक मुद्दे पर तेलंगाना के शिक्षण संस्थान रहे बंद, वामपंथी छात्र समूहों का हैदराबाद में प्रदर्शन

    समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ  यह विशेष रिपोर्ट:-
    हैदराबाद, 24 जुलाई 2026. नीट परीक्षा के आयोजन में कथित तौर पर  घपलों के विरोध में शुक्रवार को वामपंथी छात्र संगठनों के आह्वान पर तेलंगाना के सभी शिक्षण संस्थान बंद रहे. अखिल भारतीय छात्र महासंघ (एआईएसएफ ) के राज्य सचिव  पुट्टा लक्ष्मण ने बताया कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के  इस्तीफे और नीट - यूजी पेपर लीक मामले में दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग को लेकर बुलाया गया आज का तेलंगाना बंद पूर्णत: सफल रहा.

    उन्होंने कहा कि छात्र महासंघ ऑफ इंडिया और प्रोग्रेसिव डेमोक्रेटिक छात्र संघ समेत अन्य छात्र संगठनों ने माध्यमिक (11वीं और 12 वीं कक्षा) से लेकर विश्वविद्यालय स्तर तक के सभी शैक्षणिक संस्थाओं को बंद रखा गया. लक्ष्मण ने बताया कि छात्र संगठन हैदराबाद के नारायण गुड़ा से लेकर हिमायत नगर तक रैली निकाली. वहीं, कांग्रेस और भारत राष्ट्र समिति ने  भी शुक्रवार को नीट - यूजी पेपर लीक के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन किया और रैली निकाली.

    भारत राष्ट्र समिति के कार्यकारी अध्यक्ष केटी रामा राव पार्टी के छात्र प्रकोष्ठ की ओर से यहां के इंदिरा पार्क स्थित धरना चौक पर आयोजित विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए. जबकि कांग्रेस की तरफ से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि कांग्रेस राज्य इकाई अध्यक्ष एम. अंजन कुमार यादव यहां के आदर्श नगर स्थित विधायक आवास से नेकलेस रोड पर इंदिरा गांधी की प्रतिमा तक निकाली गई रैली का नेतृत्व किया. इस बीच, वामपंथी छात्र संगठनों द्वारा बंद के आह्वान को देखते हुए यहां के उस्मानिया विश्वविद्यालय ने आज 24 जुलाई को होने वाली सभी परीक्षाएं स्थगित कर दी है. विश्वविद्यालय ने अपने जारी बयान में कहा है कि स्थगित परीक्षाओं की संशोधित तारीखों की घोषणा बाद में की जाएगी.