LLB छात्रा से होटल में बनाए संबंध, खुद को हिन्दू बताकर की दोस्ती..
Meerut Conversion Case: मेरठ में रहने वाली एलएलबी छात्रा का आरोप है कि गांव के कैफ ने खुद को दीपक बताकर उससे दोस्ती की। होटल ले जाकर आपत्तिजनक वीडियो बना लिए।
मेरठ, 30 जुलाई 2026। यूपी के मेरठ में एलएलबी छात्रा से हिंदू बनकर दोस्ती करने, शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण, फिर ब्लैकमेल कर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का मामला सामने आया है। युवती की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी कैफ उर्फ दीपक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सूचना पर थाने पहुंचे हिंदू संगठनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
मवाना इलाके में रहने वाली पीड़िता ने अपने शिकायती पत्र में कहा है कि गांव के रहने वाले कैफ ने अपनी पहचान छिपाकर खुद को दीपक बताया और इसी नाम से उससे दोस्ती की। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी ने शादी का भरोसा देकर उसे अपने विश्वास में ले लिया। आरोपी उसे मेरठ के एक होटल में लेकर गया, जहां उसके आपत्तिजनक वीडियो बना लिए गए। बाद में वह उन्हीं वीडियो के आधार पर लगातार ब्लैकमेल कर उसका शारीरिक शोषण करने लगा।
छात्रा ने आरोप लगाया है कि आरोपी उस पर धर्म परिवर्तन कर निकाह करने का दबाव बना रहा था। इसके लिए उसे एक मौलाना के पास ले जाने की कोशिश की गई और फोन पर भी किसी व्यक्ति से बात कराकर धर्म परिवर्तन के लिए तैयार करने का प्रयास किया गया। विरोध करने पर आरोपी ने वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
परिजनों ने युवक की पिटाई की, पुलिस को सौंप दिया
सोमवार को परिजनों को सूचना मिली कि युवती आरोपी के साथ मेरठ के एक होटल मे मौजूद है। जैसे ही आरोपी होटल से बाहर निकला उसी समय आरोपी को परिजनों ने पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई करते हुए उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। पीड़िता ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग करते हुए कहा कि उसके साथ धोखा कर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया।
हिंदू संगठनों ने किया प्रदर्शन
घटना की जानकारी मिलते ही विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मवाना थाने पहुंच गए। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की। संगठनों का कहना है कि युवतियों को लव जिहाद मे फंसाकर धर्मांतरण करवाने की कोशिश करने वाले के खिलाफ सख्ती कार्रवाई होनी चाहिए।