सरसों पर कपड़ों की डाई, जीरा और लौंग पर सिंथेटिक रंग... हैदराबाद में 25 टन मिलावटी मसाले जब्त, तीन पकड़ाए
हैदराबाद में एच - फास्ट और जीएचएमसी की बड़ी कार्रवाई में 25 टन से अधिक मिलावटी मसाले जब्त किए गए हैं. इस कार्रवाई के दौरान तीन आरोपी गिरफ्तार भी किए गए हैं. मसालों में सिंथेटिक रंग, कपड़ों की डाई और टैल्कम पाउडर मिलाकर बेचे जाने का खुलासा हुआ है. पढ़ें मिलावटखोरों की कारगुजारी की कहानी. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की खास रिपोर्ट:-
हैदराबाद, 5 अगस्त 2026. हैदराबाद में खाद्य सामग्री में मिलावट करने वाले गिरोह के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी करवाई सामने आई है. हैदराबाद फूड एडल्टरेशन सर्विलांस टीम के फूड सेफ्टी विभाग के साथ मिलकर शहर के अलग-अलग मसाला कारोबारी और प्रोसेसिंग यूनिट्स पर एक साथ दबिश देकर करीब 25 टन मिलावटी मसाले बरामद किए हैं. इस सिलसिले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है और उनके खिलाफ तीन अलग-अलग आपराधिक मामले दर्ज किए हैं.
सूत्र बताते हैं कि कारोबारी राइस ब्रान ऑयल का इस्तेमाल कर रहा था. इन चीजों को मिलाकर मसालों की गुणवत्ता और रंग कृत्रिम रूप से बढ़ाया जाता था, जिससे ग्राहकों को धोखा देकर अधिक कीमत वसूली की जा सके. जांच में यह भी पता चला है कि खराब गुणवत्ता वाली और रिजेक्ट की गई सरसों को कपड़ों की डाई, टैल्कम पाउडर और तेल के साथ मिलाकर दोबारा बाजार में बेचा जा रहा था.
वहीं, लौंग और शाही जीरा पर सिंथेटिक रंग चढ़ाए जा रहे थे. जबकि अजवाइन, शाही जीरा और अन्य मसालों में औद्योगिक डाई मिलकर उनकी चमक और रंग को कृत्रिम रूप से बेहतर बनाया जा रहा था. इस तरह के मसले सीधे लोगों की रसोई तक पहुंच रहे थे, जो स्वास्थ्य के लिए बेहद खतरनाक माने जाते हैं. इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान अत्तापुर कांटेदान निवासी राहुल भाटी, बेगम बाजार के विशाल पंवार और दुलीचंद कच्छवा के तौर पर हुई है. पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं.