आबकारी विभाग में बड़ी कार्रवाई, दो उपनिरीक्षक सस्पेंड
रायपुर, 5 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में कथित 3200 करोड़ के शराब घोटाले की 5 वर्षों से जांच चल रही है। भूपेश सरकार को गए ढाई वर्ष बीत चुके हैं। इसके बावजूद राज्य में शराब ओवररेटिंग की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। ओवररेटिंग को लेकर सोमवार को ग्रामीणों ने विधायक के काफिले को रोक लिया था। इस तरह की शिकायतें राज्य के विभिन्न कोनों से सामने आ रही हैं। बलौदाबाजार और बालोद के प्रकरणों पर आज आबकारी आयुक्त पीएस एल्मा ने कड़ी कार्रवाई की है। बलौदाबाजार जिले के रोहासी देशी मदिरा दुकान पर अधिक विक्रय दर से शराब बेचने पर आबकारी उपनिरीक्षक पी. माधवराव को सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं बालोद के अरकार देशी शराब दुकान से 53 पेटी थोक में देशी मदिरा बेची जाने पर आबकारी उप निरीक्षक आशाराम शाक्य को भी निलंबित किया गया है। अर्जुनी थाना क्षेत्र जिला धमतरी में 25 जुलाई को यह 53 पेटी शराब जब्त की गई थी। वहीं इस मामले में बालोद के सहायक जिला आबकारी अधिकारी नीलोफर जैन को निलंबित करने हेतु आबकारी आयुक्त ने शासन को अनुशंसा भेजी है। शराब प्रेमियों की यह भी शिकायत है कि उन्हें राज्य की सरकारी मदिरा दुकानों से उनका पसंदीदा ब्रांड नहीं मिलता है उनका कोई भी ब्रांड थमा दिया जाता है। फिलहाल पढ़ें आज का आदेश..