• चौकीदार के हाथ-पैर बांधा फिर हत्या कर भागे चार अपचारी लड़के, परिजनों ने किया बाल सुधार गृह का घेराव

    बिलासपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बाल सुधार गृह में 4 लड़कों ने चौकीदार को घेरकर पीट- पीटकर मार डाला और फरार हो गए। इनकी तलाश के लिए अलग-अलग टीमों को रवाना किया गया है। तीन रायगढ़ और एक कोरबा का रहने वाला है।

    बिलासपुर, 13 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में बड़ी वारदात सामने आई है। शासकीय बाल सुधार गृह से चार अपचारी लड़के चौकीदार की हत्याकर मौके से फरार हो गए हैं। चारों लड़के अलग-अलग अपराधों की सजा काट रहे थे। बताया जा रहा है कि एक लड़के की उम्र 20 साल की हो गई थी उसे सेंट्रल जेल शिफ्ट करना था। वारदात रविवार रात 11 बजे की बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों बाल सुधार गृह का घेराव कर दिया है और पोस्टमार्टम से पहले प्रशासन से लिखित आश्वासन मांगा जा रहा है। जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। मृतक के घर वालों का रो-रोकर बुरा हाल है।

    तब तक पीटा जब तक कि मौत नहीं हो गई
    चारों लड़कों ने बहुत जघन्य अपराध को अंजाम दिया। मिली जानकारी के अनुसार पर सरकंडा थाना क्षेत्र के नूतन चौक स्थित शासकीय बाल सुधार गृह नाईट ड्यूटी  कर रहे नरेंद्र खांडे के हाथ-पैर बांधा और मुंह में कपड़ा ठूंसकर तब तक मारते रहे जब तक वह मर नहीं गया। इसके बाद बाल सुधार गृह से भाग गए। घटना रविवार की रात 11 बजे की बताई जा रही है। 

    गंभीर मामलों में जेल में बंद थे
    प्रारंभिक जांच में पता चला है कि तीन नाबालिग रायगढ़ और एक नाबालिग कोरबा जिले का रहने वाला है। हत्या, मारपीट और छेड़खानी जैसे गंभीर मामलों में वे बाल सुधार गृह में बंद थे। एक लड़के की उम्र 20 साल बताई जा रही है और उसे केंद्रीय जेल शिफ्ट किया जाना था।

    परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
    चौकीदार की हत्या के बाद परिजनों ने बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। हत्या की खबर मिलने के बाद मृतक के परिजनों ने बाल सुधार गृह का घेराव कर दिया। परिजनों की मांग है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। परिजनों का आरोप है कि चार महीने पहले नरेंद्र को कमिश्नर कार्यालय से अटैच किया गया था, लेकिन उन्हें वहां से कार्यमुक्त नहीं किया गया। परिजनों ने छात्रावास अधीक्षक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके एक रिश्तेदार संजय कुमार जांगड़े ने कहा कि मर्डर करवाने वाले सिंह सर और अधीक्षिका मैडम है। मार्च में जीजा का तबादला हो गया था। लेकिन मर्डर करवाने के लिए आदेश को दबा दिया गया था। मृतक के एक रिश्तेदार को सरकारी नौकरी, मुआवजा और पूरे मामले की जांच तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। 

    कर्मचारियों से पूछताछ
    हत्या की वारदात के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड की टीम ने सबूत जमा किए हैं। साथ ही बाल सुधार गृह के अन्य कर्मचारियों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। दूसरी तरफ फरार नाबालिग आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें रवाना की गई हैं।