दारू पीकर पहुंच दूल्हा, दुल्हन ने मारा थप्पड़, लौटाई बारात, बोली -- नशेड़ी से शादी नहीं करूंगी
छत्तीसगढ़ के जांजगीर - चांपा जिले में जैसे ही दूल्हा द्वार पूजा के लिए पहुंचा, दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया. यहां के कोसमंदा गांव में बीते 23 जून को पहुंची बारात बिना शादी के खाली हाथ वापस लौट गई. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट:-
जांजगीर- चांपा, 26 जून 2026. दरअसल, दूल्हा शराब के नशे में धुत था. वह लड़खड़ा रहा था, इसके बाद वर - वधू पक्ष के बीच कहासुनी हो गई. दूल्हा इतने नशे में था कि वह अपने पैरों पर खड़ा भी नहीं हो पा रहा था. यह देखकर दुल्हन ने उसे तीन थप्पड़ भी मार दिए. मामला इतना बिगड़ गया कि पुलिस को बुलाना पड़ गया. पुलिस ने समझा- बुझाकर मामला शांत कराया. इस फैसले के बाद पुलिस अधीक्षक ने दुल्हन का सम्मान भी किया. यह घटना अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. यह मामला चांपा पुलिस इलाके का है. बताया जा रहा है कि दूल्हा सगाई में भी शराब पीकर आया था और उत्पात मचाया था.
द्वार पूजा में लड़खड़ा रहा था दूल्हा
यहां के खोखरा निवासी संत कुमार एक निजी कंपनी में काम करता है. उसकी शादी कोसमंदा की मुस्कान ने दसवीं तक पढ़ाई की है, उससे तय हुआ था. दोनों परिवारों में शादी की तैयारियां पूरी हो चुकी थी और सभी रस्में चल रही थी. 23 जून को संत कुमार गाजे - बाजे और बारातियों के साथ बारात लेकर लड़की के गांव पहुंचा. वहां वधू पक्ष ने बारातियों का स्वागत किया और द्वार पूजा की तैयारी शुरू हुई. शाम को द्वार पूजा के समय संत कुमार नशे में इतना धुत था कि वह अपने पैरों पर खड़ा भी नहीं हो पा रहा था. यह बात जब दुल्हन को पता चली तो उसने द्वार पूजा से पहले ही शादी से इनकार कर दिया.
शादी से मना करने पर बनी विवाद की स्थिति
दुल्हन के फैसले के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया. हालांकि मुस्कान के परिवार वालों ने उसका पूरा समर्थन किया और शादी नहीं कराने का फैसला लिया. लेकिन वर पक्ष के लोगों ने आपत्ति जताई. दूल्हे को इस हालत में देखकर युवती मुस्कान प्रधान ने दूल्हे को दो-तीन थप्पड़ भी मारे. इस घटना से दोनों परिवारों में खुशी का माहौल गम में बदल गया. हालात को देखते हुए पुलिस को बुलाना पड़ा.
पुलिस ने मामला शांत कराया
सूचना मिलने पर चांपा पुलिस मौके पर पहुंची. सीएसपी योगिताबाली खापर्डे और थाना प्रभारी अशोक कुमार ने दोनों पक्षों को शांत कराया. इसके बाद बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई.
दुल्हन हुई सम्मानित
मामले की जानकारी मिलने पर जांजगीर - चांपा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने मुस्कान प्रधान और उसके परिवार को सम्मानित किया और उन्हें प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंटकर उनके साहस की प्रशंसा की. पुलिस अधिकारी ने कहा कि यह केवल एक शादी टूटने का मामला नहीं, बल्कि नशे के खिलाफ समाज को जागरूक करने वाला संदेश भी है. एसपी ने कहा कि अन्य युवतियों को भी मुस्कान से सीख लेने की जरूरत है.