कवर्धा में दो कारों की आमने-सामने भिड़ंत, उड़े परखच्चे, एक की मौत, 4 घायल
दोनों कारों की रफ्तार बेहद तेज थी, जिसके कारण लघान (लोखान) गांव के अंधे मोड़ पर चालक वाहनों पर नियंत्रण नहीं रख पाए और यह आमने-सामने की सीधी भिड़ंत हो गई।
पंडरिया, 29 जून 2026। कबीरधाम (कवर्धा) जिले के पंडरिया-कुकदूर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह दो कारों के बीच भीषण आमने-सामने भिड़ंत हुई है। जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और 4 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह दर्दनाक हादसा पंडरिया और कुकदूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले लघान (लोखान) गांव के पास सोमवार सुबह लगभग सात बजे से आठ बजे के बीच हुआ है। जब दोनों कारें तेज रफ्तार में थीं । दुर्घटना फ्रॉन्क्स कार (सीजी 09 जेएस 4619) और वैगनआर कार (एमपी 50 जेडबी 0139) के बीच हुई है। हादसे में जान गंवाने वाले धरमपुरा (कबीरधाम) निवासी युवक का नाम रूपेश कुमार ध्रुव (उम्र लगभग 26 वर्ष) बताया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि, दोनों कारों की रफ्तार बेहद तेज थी, जिसके कारण लघान (लोखान) गांव के अंधे मोड़ पर चालक वाहनों पर नियंत्रण नहीं रख पाए और यह आमने-सामने की सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में कबीरधाम जिले के धरमपुरा निवासी एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कारों में सवार अन्य 4 लोग, जिसमें महिला भी शामिल है, गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं।
घटना के संबंध में कुकदूर थाना प्रभारियों का कहना है कि पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। सभी गंभीर घायलों को तत्काल इलाज के लिए पंडरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।