• कवर्धा: खरहट्टा में अवैध रेत भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 2600 घन मीटर रेत जब्त

    रेत माफियाओं पर सोमवार को राजस्व, पुलिस और खनिज विभाग ने संयुक्त कार्रवाई की है। अवैध खनन पर सख्ती जारी।

    कवर्धा, 29 जून 2026। जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम खरहट्टा में लगभग 2600 घन मीटर अवैध रूप से भंडारित रेत जब्त की है। यह कार्रवाई खनिज विभाग, राजस्व विभाग एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। बताया जा रहा है कि रेत की ढेर गांव के सरपंच की है।

    खनिज विभाग को प्राप्त सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने ग्राम खरहट्टा पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान बड़ी मात्रा में अवैध रूप से रेत का भंडारण पाया गया। इसके बाद नियमानुसार पूरी रेत को जब्त कर लिया गया तथा मामले में खनिज नियमों के तहत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
    खनिज विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और अवैध भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है।

    विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध खनिज नियमों के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि जिले में अवैध खनन पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से आगे भी नियमित निरीक्षण एवं संयुक्त कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।