• बालोद में भीषण हादसा, ट्रक ने डीजे गाड़ी को  मारी टक्कर, कवर्धा के 6 युवकों की मौत, 7 गंभीर

    रायपुर- जगदलपुर हाईवे पर शुक्रवार को बालोद जिले के मरकटोला घाट पर किनारे खड़ी स्वराज माजदा गाड़ी को गेंहू से लदे 16 चक्का ट्रक ने पीछे से आकर जोरदार टक्कर मार दी और घसीटते हुए कुछ दूर ले जाकर पलट गई। स्वराज माजदा गाड़ी में डीजे बंधा हुआ था जिसमें कवर्धा के तेरह लोग सवार थे। दो युवकों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई और चार लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ा। 

    बालोद, 25 सितंबर 2026। बालोद जिले के मारकाटोला घाट में शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की जान चली गई और 7 गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें राजधानी रायपुर में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के अनुसार गणेश विसर्जन कार्यक्रम में डीजे धुमाल बजाने के लिए कृष्ण धुमाल पार्टी से 15 युवकों की टोली स्वराज माजदा क्रमांक सीजी-10-बीयू-7174 से कवर्धा से जगदलपुर की ओर जा रही थी। तभी धमतरी के आगे बालोद जिले की मरकाटोला घाट पर स्वराज माजदा गाड़ी खराब हो गई। जिसके लिए मैकेनिक लेने 2 युवक धमतरी गए थे। इसी बीच रायपुर से गेहूं लेकर जगदलपुर जा रही 16 चक्का ट्रक क्रमांक सीजी-04-क्यूवाई-5947 ने सड़क किनारे खड़े स्वराज माजदा को पीछे से टक्कर मार दी। स्वराज माजदा को घसीटते हुए आगे तक ले गई और पलट गई। डीजे गाड़ी में सवार 13 लोगों में से 3 ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया और चार युवकों की अस्पताल में मौत हो गई।

    मृतक और घायल अधिकांश युवक उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के विधानसभा क्षेत्र कवर्धा के बताई जा रहे हैं।गुरुर एसडीओपी माया शर्मा ने भी हादसे में 6 मौतों की पुष्टि की है। धमतरी के महापौर रामू रोहरा ने बताया कि कवर्धा की श्री कृष्ण धुमाल पार्टी के युवक जगदलपुर में गणेश विसर्जन के लिए डीजे धुमाल बजाने जा रहे थे। गाड़ी में 13 युवक सवार थे। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई है। गंभीर रूप से घायल सभी युवकों को बेहतर इलाज के लिए धमतरी जिला अस्पताल से रायपुर रेफर किया गया है। 

    मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने जताया दुख
    उधर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हादसे में लोगों के असामयिक निधन पर दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि ‘बालोद जिले के मरकाटोला घाट में हुई भीषण सड़क दुर्घटना में कई लोगों के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। इस हृदयविदारक घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले शोकाकुल परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।'

    उपमुख्यमंत्री ने भी हरसंभव मदद का भरोसा दिया
    सीएम के अलावा उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने भी राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर स्थित मरकाटोला घाट पर हुए हादसे में लोगों की मौत पर गहरा दुःख व्यक्त किया। शर्मा ने हादसे की जानकारी मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों को अस्पताल में भर्ती घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। 

    मृतकों के नाम

    1. कोमल साहू (20), निवासी सिलहाटी, थाना बोड़ला, जिला कबीरधाम
    2. अनीश पात्रे (22), निवासी मानिकपुर, थाना बोड़ला, जिला कबीरधाम;
    3. दीपक कुम्हार (17), निवासी वार्ड नंबर 17, कुम्हारपारा, मुंगेली;
    4. राजा सावरा (27), निवासी मिनीमाता चौक, वार्ड नंबर 17, कबीरधाम
    5. कृष्णा चौहान (18), निवासी ग्राम पोड़ी, जिला कबीरधाम, मूल निवासी डोंगरगढ़, जिला राजनांदगांव और
    6. सुंदर लाल साहू (29), निवासी ग्राम कुसुमघटा, थाना बोड़ला, जिला कबीरधाम 

     


    1.