• गुंडरदेही  में हुई पेंशनरों की अहम बैठक, पढ़िए किन मुद्दों पर हुई चर्चा..

    गुंडरदेही, 16 जुलाई 2026। भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ की छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने 14 जुलाई को बालोद जिले के गुंडरदेही में संगठन की जिला स्तरीय बैठक ली. गुंडरदेही की बैठक में महासंघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बी.के.वर्मा, राष्ट्रीय कार्यसमिति के सदस्य पी.आर.साहू, प्रदेश महामंत्री प्रवीण कुमार त्रिवेदी, प्रदेश संगठन मंत्री टी.पी. सिंह तथा दुर्ग संभाग अध्यक्ष बी. एल. गजपाल भी उपस्थित थे. बैठक छत्तीसगढ़ पेंशनर समाज के तहसील कार्यालय में हुई.

    बैठक में प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र नामदेव ने बताया कि मुख्य सचिव को   महासंघ ने पेंशनरों एवं परिवार पेंशनरों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर अलग-अलग ज्ञापन प्रस्तुत किए हैं। इनमें मध्यप्रदेश राज्य पुनर्गठन अधिनियम, 2000 की धारा 49(6) को हटाने हेतु छत्तीसगढ़ विधानसभा में शासकीय संकल्प पारित करने, पेंशनर कल्याण मंडल के पुनर्गठन एवं नियमित संचालन, पेंशनर कल्याण निधि नियम 1997/2006 के पुनरीक्षण एवं सहायता राशि में वृद्धि, एक जनवरी 2026 से देय 2 प्रतिशत महंगाई राहत (डी.आर.) की स्वीकृति एवं एरियर सहित भुगतान, न मांग–न जांच प्रमाणपत्र के नाम पर पेंशन रोके जाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाने सहित कई मांगें शामिल हैं.

     गुंडरदेही की बैठक में दुर्ग से सेवानिवृत अपर कलेक्टर, संभागीय अध्यक्ष बी. एल. गजपाल ने संगठन की आवश्यकता एवं महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बालोद जिले में सक्रिय एवं समर्पित पदाधिकारी पेंशनरों के हित में निरंतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने जिले के सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों से संपर्क स्थापित कर आजीवन सदस्यों की संख्या बढ़ाने का आव्हान किया। बैठक में जिला अध्यक्ष डी.आर. गजेंद्र के प्रयास से 8 पेंशनरों क्रमशः धनऊ राम साहू, चोवा राम साहू, जयप्रकाश राजपूत, गंगा राम साहू, अशोक कुमार ध्रुव, वेदप्रकाश वर्मा, चमनलाल साहू और एच. एल. नागवंशी  को भारतीय राज्य पेंशनर्स महासंघ छत्तीसगढ़ की आजीवन सदस्यता ग्रहण कराया।