सूरजपुर में सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकराई बाइक, तीन दोस्तों की हुई मौके पर दर्दनाक मौत, पुलिस वालों से मारपीट
सूरजपुर जिले में सड़क दुर्घटना में तीन दोस्तों की जान चली गई और चौथे की हालत गंभीर बताई जा रही है. वहीं, आक्रोशित भीड़ ने डायल 112 की टीम के साथ मारपीट की और ट्रक को आग के हवाले कर दिया. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह रिपोर्ट:- सूरजपुर, 22 जून 2026. छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में पिछले दिनों देर रात एक साथ दुर्घटना के बाद तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब तेज रफ्तार बाइक पर सवार 4 दोस्त सड़क किनारे ट्रक से टकरा गए. इस हादसे में 3 दोस्तों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं एक युवक घायल हैं. इस दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और सड़क किनारे खड़े ट्रक में आग लगा दी. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम में शामिल पुलिस वालों से आक्रोशित भीड़ ने मारपीट भी की. भीड़ का ऐसा मानना था कि पुलिस द्वारा वाहनों को रोककर चेकिंग की जा रही थी जिसके कारण यह हादसा हुआ. इसलिए घटना के बाद भीड़ बेकाबू हो गई.
एक ही बाइक पर सवार थे चारों युवक
यह हादसा प्रतापपुर पुलिस इलाके में बैकोना गांव की है, जहां चारों दोस्त एक ही बाइक पर बैठकर एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे. तभी उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े मक्का लोड ट्रक से जा टकराई. इस दुर्घटना में तीन युवकों की जान चली गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है.
मृतकों की पहचान रूपचंद पैकरा, रविंद्र पैकरा, और ओमप्रकाश पैकरा के तौर पर हुई है. वे सभी बैकोना के ही रहने वाले थे. खबर है कि घायल अरमान पैकरा को गंभीर हालत में उपचार के लिए अंबिकापुर मेडिकल रेफर किया गया है. आक्रोशित ग्रामीणों का कहना है कि गाड़ियों की चेकिंग करने और ट्रक को रोकने के कारण यह हादसा हुआ. पुलिस ने आरक्षक नितेश टोप्पो और ड्राइवर से मारपीट के आरोप में अलग से केस दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है.