• इंडिया गठबंधन ने एसआईआर को लेकर सीजेआई को लिखा पत्र, हस्ताक्षर करने वालों में आप और डीएमके भी

    इंडिया गठबंधन से जो आप और डीएमके दूरी बना रही थी, वे भी अब एसआईआर के मुद्दे पर साथ आ गई है. कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा है कि सीजेआई को भेजे गए साझा पत्र पर 23 राजनीतिक दलों और एक निर्दलीय ने हस्ताक्षर किए हैं. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट:-

    नई दिल्ली, 1 जुलाई 2026. इंडिया गठबंधन ने एसआईआर के मुद्दे पर भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत को खत लिखा है. इस खत पर 23 राजनीतिक दलों और  एक निर्दलीय ने हस्ताक्षर किए हैं. खास बात यह है कि जिस आम आदमी पार्टी ने इंडिया को छोड़ दिया था और जिस डीएमके ने इंडिया गठबंधन से दूरी बना ली थी, वे भी इस मुद्दे पर गठबंधन के साथ आ गए. तो क्या इंडिया गठबंधन फिर से मजबूत हो रहा है और यह फिर से बड़ा होगा? कम से कम कांग्रेस नेता जयराम रमेश और टीएमसी नेता डेरेक ओ ब्रायन ने तो यही संकेत दिया है.

    जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट कर कहा है कि 23 दलों और एक निर्दलीय  ने पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं. उन्होंने कहा कि विपक्षी दल  एकजुटता, एकता और प्रतिरोध के सिद्धांत पर मजबूती से अडिग हैं. रमेश ने कहा,' 8 जून 2026 को इंडिया गठबंधन की बैठक हुई थी. उसे बैठक में 21 राजनीतिक दल और एक निर्दलीय शामिल हुए थे. बैठक में तय हुआ कि चुनाव आयोग की एसआईआर प्रक्रिया और अन्य चुनाव संबंधी मुद्दों पर सीजेआई को साझा पत्र लिखा जाएगा.' जयराम रमेश ने कहा, 'अब 23 राजनीतिक दलों और एक निर्दलीय ने  इस पत्र पर हस्ताक्षर कर दिए हैं. यह पत्र मंगलवार को सीजेआई को भेज दिया गया है.'इसके साथ ही उन्होंने विपक्षी दलों की एकजुटता और एकता की बात की.

    आप और डीएमके का भी  साथ : डेरेक ओ ब्रायन 
    टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने भी इस पर आगे जोड़ा और कहा कि इसमें आप और डीएमके भी शामिल हैं. उन्होंने एक्स पर लिखा, 'इंडिया की अच्छी पहल और हां, आम आदमी पार्टी और डीएमके ने भी सीजेआई वह भेजे गए इस साझा पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं.' यह घटना 8 जून को हुई इंडिया गठबंधन की बैठक के कुछ दिनों बाद आई है. उसे बैठक में 25 पार्टियां शामिल हुई थी.

    बैठक में पांच मुद्दों पर बनी सहमति 

    हाल में हुई इंडिया गठबंधन की बैठक हुई थी. इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे  ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया था कि सभी दलों ने पांच मुद्दों पर सहमति जताई है. तब खड़गे ने कहा था, 'इंडिया गठबंधन की बैठक समाप्त हो गई है. 25 पार्टियां शामिल थी. हर किसी ने अपने विचार रखे और पांच मुद्दों पर आम सहमति बनी. हम इन मुद्दों पर लड़ेंगे, काम करेंगे और आगे बढ़ेंगे.' खड़गे ने बताया था कि पहला मुद्दा  एसआईआर, 'वोट लूट ' और 'चुनाव चोरी ' से संबंधित है. इसके लिए सीजेआई को पत्र लिखने का फैसला लिया गया था. दूसरा बड़ा फैसला शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर था, क्योंकि नीट और सीबीएसई परीक्षाओं में लाखों युवाओं के साथ धोखा हुआ था.

    अब इंडिया गठबंधन मजबूत हो रहा है?

    इंडिया गठबंधन हाल में फिर से मजबूत दिख रहा है. बंगाल में हार के बाद टीएमसी इंडिया गठबंधन में सक्रिय हुई  हैं. 8 जून 2026 की बैठक के बाद गठबंधन ने एसआईआर प्रक्रिया, वोट लूट और चुनाव संबंधी मुद्दों पर सीजेआई को साझा पत्र भेजा गया. इस पत्र पर 23 राजनीतिक दलों और एक निर्दलीय ने हस्ताक्षर किए हैं. भले ही कुछ दल औपचारिक तौर पर अलग दिख रहे हों, लेकिन बड़े मुद्दों पर वे एक साथ खड़े होते दिख रहे हैं. इससे इंडिया गठबंधन की  एकता और मजबूती का संदेश जा रहा है.