कवर्धा: 30 घंटे बाद खत्म हुआ इंतजार; सरोदा जलाशय में लापता युवक शुभम मल्लाह का शव बरामद
SDRF, पुलिस और स्थानीय गोताखोरों के लगातार 30 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद युवक का शव बरामद हुआ।
कवर्धा, 28 जून 2026। कवर्धा जिले के भोरमदेव थाना क्षेत्र स्थित सरोदा जलाशय में शुक्रवार शाम से लापता कवर्धा निवासी शुभम मल्लाह का शव आखिरकार करीब 30 घंटे की लगातार तलाश के बाद बरामद कर लिया गया। SDRF, पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने कठिन परिस्थितियों में लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया, जिसके बाद युवक का शव जलाशय से बाहर निकाला गया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस से मिली
जानकारी के अनुसार, कवर्धा निवासी शुभम मल्लाह शुक्रवार शाम अपने 3 दोस्तों के साथ सरोदा जलाशय में नहाने गया था। तैरने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। साथियों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद भोरमदेव थाना पुलिस, स्थानीय गोताखोर और SDRF की टीम मौके पर पहुंची।
शुक्रवार शाम से शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन लगातार 30 घंटे तक चलता रहा। जलाशय की अधिक गहराई और पानी की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद टीम ने आधुनिक उपकरणों और गोताखोरों की मदद से खोजबीन जारी रखी। आखिरकार शनिवार की देर रात तक युवक का शव जलाशय से बरामद कर लिया गया।इधर पुलिस की टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मरचुरी भेज दिया है। जिसके बाद युवक के शव को परिजनों को सुपुर्द किया जायेगा।