मोदी सरकार के 12 वर्ष : विश्वास, विकास और जनकल्याण प्रदर्शनी का केदार कश्यप ने किया उद्घाटन
रायपुर, 18 जून 2026। प्रदेश के वन, जलवायु परिवर्तन, परिवहन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप ने बुधवार को रायपुर टाउनहॉल में आयोजित “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” विषयक विशेष प्रदर्शनी का उद्घाटन कर उसका अवलोकन किया। इस प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 से अब तक देश में हुए ऐतिहासिक परिवर्तन, जनकल्याणकारी योजनाओं, आधारभूत संरचना के विस्तार, डिजिटल क्रांति, सामाजिक सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण तथा जनजातीय उत्थान से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों को आकर्षक रूप से प्रदर्शित किया गया है।
प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास और सुशासन के ऐसे नए आयाम स्थापित किए हैं, जिनकी कल्पना कभी कठिन मानी जाती थी। आज भारत विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। देश में गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों के जीवन में व्यापक सकारात्मक परिवर्तन आया है। केंद्र सरकार की योजनाएं केवल कागजों तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि उनका लाभ सीधे अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, प्रधानमंत्री जनधन योजना तथा जनजातीय क्षेत्रों के विकास के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन को नई दिशा देने का कार्य किया है। आज देश का प्रत्येक वर्ग विकास यात्रा का सहभागी बना है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ और विशेष रूप से बस्तर क्षेत्र भी इस विकास यात्रा का महत्वपूर्ण भागीदार बना है। सड़क, रेल, दूरसंचार, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, पेयजल और जनजातीय विकास से जुड़े अनेक कार्यों ने बस्तर के विकास को नई गति प्रदान की है। केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों तक विकास की रोशनी पहुंची है।
इस अवसर पर विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर सहित जनप्रतिनिधिगण, पार्टी पदाधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।