• कोरबा: 25 किसान खेत में कर रहे थे धान की रोपाई, तेज बारिश हुई और अचानक गिरी बिजली, चपेट में आने से 3 की मौत

    कोरबा: कटघोरा क्षेत्र में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 3 ग्रामीणों की मौत हो गई। किसान खेत में धान की रोपाई कर रहे थे, इसी बीच वे प्राकृतिक घटना के शिकार हो गए।

    कोरबा, 25 जुलाई 2026। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र के सलोरा- छूरी गांव में 25 किसान खेत में धान रोपा लगा रहे थे अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। किसान काम छोड़कर पानी से बचने खेत की मेड़ में आकर बैठ गए। इसी बीच आकाशीय बिजली गिरने से 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

    मिली जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर बाद मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। धान की रोपाई छोड़कर किसान खेत की मेड़ में आकर बैठ गए। इसी बीच आकाशीय बिजली की चपेट में आने से तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना कटघोरा थाना क्षेत्र के छुरी गांव में हुई।

    पुलिस अधिकारी ने बताया, “छुरी बकरा बाजार के पीछे एक खेत में करीब 25 से 30 ग्रामीण धान की रोपाई कर रहे थे। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिर गई। छुरी निवासी बहोरन पाटले, लक्ष्मी चंद पाटले और श्याम साहू गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल कटघोरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।”

    अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने के बाद कटघोरा थाने के पुलिसकर्मी अस्पताल पहुंचे और पंचनामा सहित अन्य कानूनी कार्रवाई शुरू की। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है।

    वहीं मृतक के बेटे ने बताया कि खेत में बहुत लोग काम कर रहे थे। अचानक तेज बारिश के साथ बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से मेरे पिता, चाचा और रिश्ते में दादा की मौके पर ही मौत हो गई।