मधु लिमये एक याद: जब आधी रात को सांसद फिर से खुली ; मधु लिमये की एक आपत्ति ने बचाई व्यवस्था और गढ़ दी लोकतंत्र की मिसाल
सत्ता से नहीं, सिद्धांतों से डराने वाला एक प्रखर राजनेता मधु लिमये की कहानी आज भी लोकतंत्र के लिए एक आईना है. यह कहानी सिर्फ एक घटना की नहीं, बल्कि उस नेता की है, जिसने राजनीति को सिद्धांत से जीया. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विश्लेषणात्मक रिपोर्ट:-
नई दिल्ली, 2 मई 2026. दिल्ली की ठंडी रात थी. संसद का कामकाज दिन भर चलने के बाद स्थगित हो चुका था. अधिकतर सांसद अपने घरों की ओर लौट चुके थे. लेकिन इस रात एक ऐसी चूक हुई, जो अगर अनदेखी रह जाती, तो देश की वित्तीय व्यवस्था ठप हो सकती थी और उसी क्षण, एक आवाज उठी तेज, ठोस और नियमों की गहरी समझ से लैस. वह आवाज थी मधु लिमये की. उन्होंने सवाल उठाया कि धन विधेयक पेश ही नहीं हुआ है. अगर यह सच है, तो आधी रात के बाद सरकार एक पैसा भी खर्च नहीं कर सकती.
पहले तो इसे सामान्य आपत्ति समझ गया, लेकिन जब रिकॉर्ड खंगाले गए, तो संसद की सांसें थम गई, चूक सच थी. तत्काल रेडियो पर घोषणा हुई, सांसदों को वापस बुलाया गया, और आधी रात को संसद फिर से बैठी. एक गंभीर संवैधानिक संकट टल गया. यह सिर्फ एक घटना नहीं थी. यह उस व्यक्ति की पहचान थी, जिसके लिए लोकतंत्र किताबों का सिद्धांत नहीं, बल्कि जीवित जिम्मेदारी था.
एक ऐसा सांसद, जिससे सत्ता भी असहज रहती थी
60 और 70 के दशक की संसद में जब मधु लिमये प्रवेश करते थे, तो उनके हाथ में फाइलों का पुलिंदा होता था और दिमाग में तथ्यों का तूफान. सत्ता पक्ष के सांसदों को अंदेशा रहता था कि आज किस मुद्दे पर घेर लिया जाएगा. वे प्रश्न काल और शून्य काल के अप्रितम खिलाड़ी थे. उनके सवाल सीधे होते थे, लेकिन उनके पीछे की तैयारी इतनी गहरी होती थी कि मंत्री जवाब देते- देते उलझ जाते थे. उनके समय के लोग मजाक में कहते थे "मधु लिमये सवाल नहीं पूछते, हमला करते हैं." लेकिन आक्रामकता व्यक्तिगत नहीं होती थी. यह लोकतंत्र को जवाबदेह बनाने की प्रतिबद्धता थी.
15 साल की उम्र में शुरू हुआ सफर
1 मई 1922 को पुणे में जन्मे मधु लिमये ने बाल्यकाल में ही राष्ट्रीय आंदोलन का रास्ता पकड़ लिया. 15 साल की उम्र में वे आजादी की लड़ाई में कूद पड़े और जेल भी गए. यह अनुभव उनके व्यक्तित्व को गढने वाला साबित हुआ. उन पर डॉ. राम मनोहर लोहिया, जयप्रकाश नारायण और आचार्य नरेंद्र देव जैसे चिंतकों का गहरा प्रभाव पड़ा. उन्होंने 1938 में कांग्रेस सोशलिस्ट पार्टी से जुड़कर अपने वैचारिक रास्ते को स्पष्ट किया - सत्ता नहीं, सामाजिक परिवर्तन.
गोवा से बिहार तक संघर्ष की सतत यात्रा
गोवा मुक्ति आंदोलन उनके जीवन का निर्णायक का अध्याय था. 1955 में उन्होंने इस आंदोलन का नेतृत्व किया और जेल गए. जेल उनके लिए सजा नहीं, बल्कि अध्ययन का अवसर बन गई. इतिहास, अर्थशास्त्र और राजनीति, उन्होंने सबका गहन अध्ययन किया. और बाद में वे बिहार से चार बार लोकसभा पहुंचे. लेकिन संसद उनके लिए लक्ष्य नहीं थी. वे उसे जनता की आवाज का मंच मानते थे, एक ऐसा मंच, जहां से जन संघर्षों को ताकत मिल सके.
नैतिकता और सादगी का वह स्तर, जो आज कल्पना करना जैसा लगता है.
मधु लिमये की सबसे बड़ी पहचान उनकी नैतिकता और सादगी थी. 1976 में आपातकाल के दौरान जब संसद का कार्यकाल बढ़ाया गया, तो उन्होंने जेल से ही इस्तीफा दे दिया. उनका तर्क साफ था कि जनादेश 5 साल का है, उससे ज्यादा नहीं. उन्होंने सांसद पेंशन लेने से भी इनकार कर दिया. यहां तक की अपनी पत्नी चंपा लिमये को भी निर्देश दिया कि उनकी मृत्यु के बाद भी पेंशन ना लें. ऐसे थे समाजवाद के पुरोधा जन नेता मधु लिमये.