शराब ओवररेटिंग को लेकर बीच सड़क में विधायक का काफिला रोका
Liquor Overrating in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में शराब के ओवररेट को लेकर ग्रामीणों ने विधायक संदीप साहू का काफिला रोक दिया। विधायक को अपने साथ ग्रामीण भट्टी तक लेकर गए। निरीक्षण के दौरान विधायक ने पाया कि यहां शराब निर्धारित कीमत से 10-20 रुपये ज्यादा में बेची जा रही है। विधायक की शिकायत पर हुई कार्रवाई।
बलौदाबाजार, 5 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले की कसडोल विधानसभा सीट से विधायक संदीप साहू का ग्रामीणों ने काफिला रोक दिया। नगर पंचायत रोहांसी के दौरे पर जा रहे विधायक का काफिला जब लखन-खरतोरा मार्ग पर पहुंचा तो सैकड़ों लोग सड़क पर आ गए और उनका रास्ता रोक लिया। ग्रामीणों का कहना था कि यहां शराब अधिक कीमत पर बेची जा रही है। लोगों ने कहा कि आप मौके पर चलकर इसका निरीक्षण कर लीजिए।
शराब भट्टी तक पहुंचे विधायक
ग्रामीण के आग्रह पर विधायक संदीप साहू गाड़ी से उतरकर शराब की भट्टी तक पहुंचे। यहां उन्होंने बिक्री व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पर ग्रामीणों की शिकायत सही पाई गई। विधायक ने देखा की शराब की बोतलों पर 10 से 20 रुपये अधिक वसूले जा रहे थे।
अधिकारियों को लगाया फोन
शिकायत सही पाए जाने के बाद विधायक संदीप साहू ने मौके से ही आबकारी विभाग के अधिकारियों को फोन लगाया। उन्होंने मामले की शिकायत की और तत्काल कार्रवाई की मांग की। विधायक की शिकायत पर आबकारी विभाग ने कार्रवाई करते हुए अधिक दाम पर शराब बेचने वाले लड़के को तुरंत हटा दिया।
क्या कहा विधायक ने
कांग्रेस विधायक संदीप साहू ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि जनता को लूटने की इस खुली डकैती पर चुप बैठने के लिए विधायक नहीं बना हूं। सड़क पर जब लोगों ने मुझे रोककर अपनी समस्या बताई तो मैं खुद मौके पर गया। वहां जाकर पता चला कि दिन दहाड़े इस तरह से भ्रष्टाचार को अंजाम दिया जा रहा है।आबकारी विभाग एक प्यादे की बलि देकर बड़ी मछलियों को बचाने का सपना देख रहे हैं। जब तक इस पूरे सिंडिकेट और वसूली के आकाओं पर खुलासा नहीं होता तब तक यह लड़ाई थमने वाली नहीं है।
विधायक संदीप साहू ने ओवररेट को लेकर लिखा था लेटर
मंत्री लखनलाल देवांगन से की थी कार्रवाई की मांग
सोमवार को ग्रामीणों ने 10-20 रुपये ज्यादा लेने की शिकायत की विधायक के निरीक्षण के बाद आबकारी विभाग ने कार्रवाई की। बता दें कि इससे पहले विधायक संदीप साहू ने ओवररेट को लेकर आबकारी विभाग के मंत्री लखनलाल देवांगन को लेटर लिखा था। उन्होंने कहा था कि प्रदेश में कई स्थानों पर ओवररेट पर शराब की बिक्री की जा रही है। जिस पर कार्रवाई की जाए।