• नीतीश को फिनिश कर दिया... तेजस्वी यादव ने  सम्राट को चेताया, बोले - पगड़ी संभाल रखो नहीं तो..

    तेजस्वी यादव का सम्राट चौधरी पर तीखा हमला! बोले- "असली बीजेपी दरकिनार, लालू की पाठशाला वाले राज कर रहे हैं." नीतीश कुमार के  राजनीतिक अंत और  सम्राट की पगड़ी पर कसा तंज. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह विशेष रिपोर्ट---

    पटना, 24 अप्रैल 2026. बिहार विधानसभा के विशेष सत्र में शुक्रवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के मंत्री परिषद में विश्वास मत पर बोलते हुए नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सरकार को जमकर घेरा. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि चुनाव के दौरान ही यह साफ हो गया था कि भाजपा के लोग नीतीश कुमार को  अधिक दिन मुख्यमंत्री नहीं रहने देंगे और आज यही हालत  हो गई.

    उन्होंने कहा कि बिहार एक अजूबा राज्य है जहां 5 साल में पांच सरकार का गठन किया गया है. आखिर ऐसी नौबत क्यों आती है? राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने  मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को धन्यवाद देते हुए कहा कि आपने जो संकल्प लिया था, उसे पूरा किया. इलेक्टेड सीएम को  सिलेक्टेड सीएम ने हटा दिया.

    नीतीश जी को फिनिश कर दिया

    तेजस्वी यादव ने कहा, "चुनाव के समय हमने देखा कि जदयू के नेता कहते थे  25 से 30 फिर से नीतीश. लेकिन हमने पहले ही कहा था कि बीजेपी के लोग नीतीश जी को मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नहीं रहने देंगे और वही हुआ. नीतीश जी को अब फिनिश कर दिया गया है."

    उन्होंने तंज कसते हुए कहा सम्राट चौधरी अपनी पगड़ी को संभाल कर रखें क्योंकि उस पगड़ी पर पूर्व उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा की नजर है. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि आज सरकार पर जो भी टॉप थ्री पर हैं, उनमें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी  राजद से यानी लालू यादव की पाठशाला से आए हैं, जबकि उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी  कांग्रेस से आए हैं. वहीं, उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव जनता दल से आए हैं.

    कोई ओरिजिनल भाजपा बड़े पद पर नहीं

    तेजस्वी यादव ने कहा कि कोई ओरिजिनल भाजपा बड़े पद पर बैठा ही नहीं है. असली बीजेपी के लोग  पीड़ित है और नाखुश हैं. उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की उम्र को लेकर भी तंज कसा. सवाल करते हुए उन्होंने पूछा कि उनकी कौन से एफिडेविट में दिए गए उम्र को सत्य मान जाए. इस दौरान सत्ता पक्ष ने उन्हें जमकर टोका टोकी की.

    राजद नेता ने आगे सम्राट सरकार को विकास में मदद देने का भरोसा देते हुए कहा कि जब लालू प्रसाद यादव मुख्यमंत्री पद से हटे थे, तब यहां की राशि सर प्लस में थी. आज सरकार का खजाना खाली है. जब सरकार का खजाना खाली है तो काम कैसे होगा? उन्होंने कहा कि बिहार को गरीबी से निकालने के लिए जो भी सहयोग होगा, वह राजद और महागठबंधन के लोग देंगे. उन्होंने माना कि हमारे पास संख्या बल नहीं है, लेकिन उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि आप आगे बढ़े., हमारा साथ रहेगा.