झारखंड में BJP समर्थित राज्यसभा प्रत्याशी का नामांकन होल्ड? कांग्रेस ने जताई आपत्ति
मध्य प्रदेश में कांग्रेस की राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नजराजन का नामंकन खारिज हो गया है। अब यही खतरा झारखंड में भाजपा समर्थित प्रत्याशी परिमल नथवानी पर मंडरा रहा है। आइए जानते हैं पूरा मामला क्या है।
रांची, 10 जून 2026। झारखंड में राज्यसभा चुनाव में भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी के नामांकन पत्र के कुछ बिंदु पर कांग्रेस ने आपत्ति की है। ये आपत्तियां नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी के दौरान दर्ज कराईं। इसपर निर्वाची पदाधिकारी रंजीत कुमार ने नथवानी से बुधवार सुबह 11 बजे तक बिंदुवार पक्ष रखने को कहा है। ऐसे में अब सबकी निगाहें बुधवार को निर्वाची पदाधिकारी के फैसले पर टिक गई हैं।
दरअसल, कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा के प्रस्तावक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने स्क्रूटनी के दौरान नथवानी के नामांकन पत्र पर आपत्ति दर्ज कराई । संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने जानकारी के अनुसार बताया कि आपत्तियां मुख्य रूप से तीन बिंदुओं से जुड़ी हैं। इनमें नथवानी के नाम के अलग-अलग प्रारूपों में उल्लेख, पारिवारिक संपत्तियों से संबंधित विवरण के प्रारूप को अधूरा छोड़ना और एक कंपनी में निदेशक पद से जुड़े विवरण का स्पष्ट उल्लेख नहीं होना शामिल है। इस बीच, राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के पर्यवेक्षक बनाए गए छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने मामले को लेकर एक्स पोस्ट में सवाल उठाए हैं।
नथवानी के एडवोकेट ने दिया लिखित जवाब
नथवानी के एडवोकेट ने मंगलवार शाम 5 बजे से पहले निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष बिंदुवार लिखित जवाब प्रस्तुत कर दिया। बताया गया कि नामांकन पत्र पर जितनी भी आपत्तियां हैं, वे सभी मामूली प्रकृति के हैं। वहीं भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने बताया कि कांग्रेस घबराई हुई है, इसलिए छोटे-छोटे बिंदुओं पर आपत्ति दर्ज की है। इसपर निर्वाची पदाधिकारी बुधवार को फैसला लेंगे। जिसके बाद यह स्पष्ट होगा कि परिमल नथवानी का नामांकन वैध माना जाएगा या नहीं।
नथवानी के वकील ने सौंपा बिंदुवार लिखित जवाब
झारखंड में राज्यसभा चुनाव में भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी के नामांकन पत्र पर विवाद खड़ा हो गया है। नामांकन पत्र को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाई गई आपत्तियों पर निर्वाची पदाधिकारी रंजीत कुमार ने नथवानी से 10 जून सुबह 11 बजे तक बिंदुवार पक्ष रखने को कहा है। इधर, नथवानी के एडवोकेट की ओर से बिंदुवार लिखित जवाब मंगलवार शाम पांच बजे से पहले निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया। नथवानी पक्ष की ओर से जानकारी दी गई है कि सभी आपत्तियों का बिंदुवार जवाब सौंप दिया गया है। सभी बिंदु मामूली प्रकृति के हैं। वहीं भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने बताया कि कांग्रेस घबराई हुई है, इसलिए छोटे-छोटे बिंदुओं पर आपत्ति दर्ज की है।
निर्वाची पदाधिकारी ने पक्ष रखने के लिए भेजा पत्र
सोमवार को झामुमो उम्मीदवार बैद्यनाथ राम, कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा और निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नथवानी ने नामांकन दाखिल किया था। निर्धारित चुनाव कार्यक्रम के तहत मंगलवार को नामांकन प्रपत्रों की स्क्रूटनी की गई। इसी में यह आपत्ति दर्ज कराई गई। निर्वाची पदाधिकारी एवं झारखंड विधानसभा के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार ने लिखित आपत्तियों पर अपना पक्ष रखने के लिए नथवानी को पत्र भेजा। उनके निर्वाचन अभिकर्ता अथवा अधिकृत प्रतिनिधि को 10 जून सुबह 11 बजे उपस्थित होकर आपत्तियों का निराकरण करने के लिए कहा गया है। झामुमो प्रत्याशी और कांग्रेस प्रत्याशी को भी उपस्थित रहने को पत्र भेजा है।
नामांकन विवाद: विवेक करेंगे प्रणव झा का समर्थन
प्रणव झा के समर्थन के लिए सांसद सह सुप्रीम कोर्ट के वकील विवेक तनखा बुधवार को रांची पहुंच रहे हैं। प्रणव ने परिमल नथवानी के नामांकन पर सवाल उठाए हैं। वकील विवेक तनखा कांग्रेस का पक्ष कानून के आधार पर मजबूती से रखेंगे।