सत्ता के सर्वोच्च शिखर में रहने का रिकॉर्ड: नेहरू को पछाड़कर लंबे कार्यकाल में नंबर 1 पीएम बने मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेहरू को पछाड़कर देश में सत्ता के सर्वोच्च शिखर में लंबे समय तक रहने का रिकॉर्ड बनाया है। लगातार 4,399 दिन पद पर रहकर वह भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित रहने वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं। उन्होंने पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के उस पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है, जो दशकों से अटूट था। दिल्ली में आज एनडीए का जलसा है जिसमें उनके राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।
नई दिल्ली, 10 जून 2026। नरेंद्र मोदी अब भारत के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने वाले नेता बन गए हैं। उन्होंने पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। बुधवार मोदी के प्रधानमंत्री पद पर लगातार बने रहने का 4,399वां दिन है। मोदी ने 26 मई, 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी और 2019 और 2024 में भी प्रचंड बहुमत से सत्ता में आए। पीएम मोदी लगातार तीन लोकसभा चुनावों में जीत हासिल करने वाले भारत के सबसे प्रभावशाली जननेताओं में हैं। नेहरू 13 मई, 1952 से 27 मई, 1964 तक लगातार प्रधानमंत्री रहे थे।
मोदी सबसे लंबे समय तक सत्ता संभालने वाले पहले गैर कांग्रेसी प्रधानमंत्री
बीते 12 वर्षों में मोदी सरकार ने कई ऐसे फैसले किए, जिन्होंने देश की राजनीति व प्रशासनिक व्यवस्था की दिशा बदल दी। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 की समाप्ति, नागरिक सेवाओं का डिजिटलीकरण, यूपीआई के माध्यम से डिजिटल भुगतान क्रांति, जीएसटी का कार्यान्वयन, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, कोविड-19 टीकाकरण अभियान और आत्मनिर्भर भारत जैसी पहलों ने देश की विकास यात्रा को नई गति दी है। भारत आज वैश्विक अर्थव्यवस्था और कूटनीति के क्षेत्र में अधिक प्रभावशाली भूमिका निभा रहा है।
विश्वास, विकास और जनकल्याण को समर्पित
पीएम मोदी ने कहा कि हमारी सरकार के बीते 12 वर्ष विश्वास, विकास और जनकल्याण को समर्पित रहे हैं। 140 करोड़ देशवासियों के आशीर्वाद और राष्ट्र प्रथम की भावना से हमने युवाओं, महिलाओं और अपने किसान भाई-बहनों को सशक्त बनाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी है। यह हमारे अथक प्रयासों का ही परिणाम है कि इंफ्रास्ट्रक्चर से लेकर डिजिटल क्रांति तक आज देश को दुनियाभर में एक नई पहचान मिली है।
सबसे लोकप्रिय नेता
प्रधानमंत्री मोदी स्वतंत्र वैश्विक सर्वेक्षणों में लगातार सबसे लोकप्रिय लोकतांत्रिक नेताओं में बने हुए हैं। उन्हें 30 से अधिक देश सर्वोच्च नागरिक सम्मान दे चुके हैं।
दिल्ली में जलसा, एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री होंगे शामिल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने का कीर्तिमान हासिल करने के उपलक्ष्य में एनडीए बुधवार को शक्ति प्रदर्शन करेगा। भारत मंडपम में एनडीए शासित मुख्यमंत्रियों, उपमुख्यमंत्रियों और राजग नेताओं की बैठक में पीएम मोदी को बधाई देने वाला प्रस्ताव पारित किया जाएगा। प्रस्ताव टीडीपी प्रमुख और आंध्रप्रदेश के सीएम चंद्रबाबू नायडू लाएंगे, जिसे सभी सहयोगी दल अपना समर्थन देंगे। इस दौरान मोदी सरकार के 12 साल की उपलब्धियों से जुड़ी प्रस्तुति दी जाएगी।