• उज्जैन में महाकाल के दर्शन कर लौट रहे 6 श्रद्धालुओं की गई जान, रॉन्ग साइड से आ रहे...

    सभी श्रद्धालु  महाकाल के दर्शन करने के बाद गुजरात लौट रहे थे. तभी सामने से आ रहे ट्राले ने टक्कर मार दी जिससे सभी 6 श्रद्धालुओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की हृदयविदारक रिपोर्ट---

    बदनावर, 9 अगस्त 2026. रविवार को मध्य प्रदेश में बड़ा हादसा हुआ है. जहां उज्जैन में महाकाल के दर्शन
    कर लौट रहे श्रद्धालुओं की वैन सड़क हादसे की शिकार हो गई जिसमें 6 श्रद्धालुओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. जानकारी के मुताबिक, वैन रॉन्ग साइड से आ रहे एक ट्राले से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए. हादसे की खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की  एंबुलेंस मौके पर पहुंची. वहीं, हादसे के बाद फोरलेन पर कुछ देर तक के लिए आवागमन प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने सुचारु कराया.

    पुलिस ने गुजरात में मृतकों के परिजन को हादसे की खबर कर दी है. जबकि  मृतक शवों का पंचनामा बनाकर उन्हें बदनावर सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है, जहां उनका पोस्टमार्टम कराया जाएगा. यह हादसा रविवार दोपहर  करीब 1 बजे का है. बदनावर- उज्जैन फोरलेन पर पंचकवासा गांव के समीप रॉन्ग साइड से आ रहे एक और नियंत्रित ट्रॉले ने वैन को जोरदार टक्कर मार दी. फलस्वरुप  वैन में सवार सभी 6 युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. जानकारी के मुताबिक, सभी मृतक युवक गुजरात के बड़ोदरा शहर के बताए जा रहे हैं.

    हादसे के बाद ट्रॉले ड्राइवर मौके से भाग गया
    ग्रामीणों के मुताबिक, वैन में 6 लोग सवार थे. ट्रॉले नंबर
    (जीजे 39 डीबी 9248 ) बदनावर- उज्जैन फोरलेन पर रॉन्ग साइड से उज्जैन की तरफ जा रहा था एवं ट्राले में लोहे का सामान भरा था. जबकि मारुति ईको वैन उज्जैन से गुजरात की ओर जा रही थी. इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने  टक्कर हो गई. हादसे के बाद ट्रॉले का ड्राइवर मौके से फरार हो गया. उधर खबर मिलते ही बदनावर पुलिस प्रभारी अमित सिंह कुशवाह और तहसीलदार सुरेश नागर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और  ग्रामीणों की मदद से वैन की खिड़की तोड़कर अंदर में फंसे  शवों को बाहर निकाला. इस दौरान सबडिविजनल मजिस्ट्रेट प्रियंका मिमरोद भी मौजूद थे.