• गंडई खुर्द से वीबीजी राम जी योजना का प्रदेश स्तरीय शुभारंभ, डिप्टी सीएम ने बताया- ग्राम विकास का नया मॉडल

    कवर्धा, 3 जुलाई 2026। कबीरधाम जिले के  बोड़ला विकासखंड अंतर्गत ग्राम गंडई खुर्द से गुरुवार को वीबीजी राम जी योजना का प्रदेश स्तरीय शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान वर्चुअल माध्यम से जुड़े, जबकि छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। 

    कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्रामीणों को वीबीजी राम जी योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए इसके उद्देश्यों और लाभों से अवगत कराया। उन्होंने पूर्व में संचालित मनरेगा योजना और नई वीबीजी राम जी योजना की तुलना करते हुए बताया कि यह योजना ग्राम विकास को अधिक प्रभावी, सहभागी और परिणामोन्मुख बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने ग्रामीणों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने और गांवों के समग्र विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

    कार्यक्रम के दौरान प्रदेश में योजना के शुभारंभ के साथ ही वीबीजी राम जी योजना का पहला प्रस्ताव भी पारित किया गया, जिसे योजना के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। शुभारंभ अवसर पर पूरे कार्यक्रम स्थल में उत्साह का माहौल देखने को मिला तथा ग्रामीणों ने योजना का स्वागत किया। इस अवसर पर पंडरिया विधायक भावना बोहरा, अन्य  जनप्रतिनिधिगण, ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।