रांची में छात्रों का सरकार से आमना - सामना! मंत्रियों से हुई सीधी बातचीत, मांगों पर क्या निकलेगा हल..
रांची में छात्र आंदोलन को लेकर सरकार और प्रदर्शन कर रहे छात्रों के बीच पहली अहम बातचीत हुई. 10 छात्रों के प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड सरकार के 4 मंत्रियों के साथ बैठक की. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की विशेष रिपोर्ट :-
रांची, 8 अगस्त 2026. रांची में छात्रों के आंदोलन के बीच सरकार और छात्र प्रतिनिधियों के बीच हुई बैठक के लिए झारखंड सरकार के चार मंत्री गेस्ट हाउस पहुंचे थे. यहां उन्होंने 10 छात्रों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की और उनकी मांगों को विस्तार से सुना. बैठक में छात्रों ने अपनी समस्याएं और मांगें सरकार के सामने रखी. दोनों पक्षों के बीच बातचीत काफी देर तक चली. बैठक खत्म होने के बाद छात्रों के प्रतिनिधिमंडल ने इसे सकारात्मक बताया. छात्र प्रतिनिधियों का कहना है कि पहली बातचीत में सरकार की तरफ से उनकी बातों को गंभीरता से सुना गया. इससे उन्हें उम्मीद जगी है कि आने वाले समय में इस मुद्दे का कोई समाधान निकाला जा सकता है.
छात्र नेता बोले- 'पहली बैठक बेहद सकारात्मक रही.'
बैठक के बाद प्रतिनिधिमंडल में शामिल छात्र नेता रविंद्र पासवान ने कहा कि यह सरकार के साथ उनकी पहली बैठक थी और माहौल काफी सौहार्दपूर्ण रहा. उन्होंने कहा कि बैठक में सभी लोग एक साथ बैठे और बातचीत का माहौल अच्छा रहा. उनके मुताबिक, ऐसा महसूस हुआ जैसे सभी लोग एक परिवार की तरह मिल बैठकर समस्या का समाधान निकालने की कोशिश कर रहे हों. छात्र नेता ने उम्मीद जताई कि झारखंड सरकार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और सरकार के मंत्री छात्रों की मांगों को जायज मानेंगे और इस दिशा में जल्द कोई सकारात्मक फैसला लिया जाएगा.
सरकार के सामने रखी गई छात्रों की मांगे
छात्रों के प्रतिनिधिमंडल में शामिल एक अन्य छात्र नेता ने कहा कि बैठक के दौरान राज्य सरकार के सामने उनकी सभी प्रमुख मांगें रखी गई है. उन्होंने कहा कि यह बातचीत केवल एक बैठक तक सीमित नहीं रहेगी. आने वाले समय में सरकार के साथ आगे भी बातचीत की जाएगी. बातचीत शुरू होने के बावजूद उनका विरोध प्रदर्शन फिलहाल खत्म नहीं होगा. उनका कहना है कि सरकार ने उनकी बातों को गंभीरता से लिया है और अब आगे की बातचीत में किसी समाधान तक पहुंचने की उम्मीद है.