• रेलवे में सुपर सरचार्ज घोटाला!  सीएजी ने पकड़ी रेलवे की अवैध वसूली

    देश के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक ने रेलवे का एक फर्जीवाड़ा पकड़ा है. यह फर्जीवाड़ा 'सुपरफ़ास्ट सरचार्ज' की अवैध वसूली का है. सीएजी की रिपोर्ट में बताया गया है कि रेलवे ने वैसी ट्रेन के यात्रियों से भी सुपरफ़ास्ट सरचार्ज वसूल लिया जो सुपरफ़ास्ट ट्रेन के लिए तय मानदंड को पूरा नहीं करते. 

    नई दिल्ली, 15 अगस्त 2026. भारतीय रेल के ऐसे कारनामे को देश के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक ने पकड़ा है, जिसे आम लोग  पकड़ नहीं पाते. सीएजी ने अपने रिपोर्ट में खुलासा किया है कि रेलवे ने निरीह यात्रियों से 'सुपरफ़ास्ट सरचार्ज ' के तौर पर 1 साल में 168 करोड़ रुपए की अवैध वसूली कर ली. यह वसूली अवैध इसलिए क्योंकि जिन ट्रेनों के लिए यह चार्ज वसूला गया, वह 'सुपर फास्ट ' की श्रेणी में नहीं आती है.

    सीएजी  की आई रिपोर्ट
    संसद के बीते सत्र में पेश सीएजी की रिपोर्ट के मुताबिक, अप्रैल 2022 से मार्च 2023 के बीच रेलवे ने यात्रियों से 'सुपरफ़ास्ट चार्ज ' के नाम पर 168 करोड़ रुपए की अवैध वसूली कर ली. सीएजी ने इसे इसलिए अवैध कहा कि ये सुपरफ़ास्ट ट्रेन के लिए निर्धारित औसत गति का मानदंड पूरा नहीं करते हैं. इस मसले को अगस्त 2024 में उठाया गया और तब रेलवे ने अपनी गलती मानी और भूल सुधार के लिए उपाय करने की बात कही.

    एवरेज स्पीड कम है
    कैग ने अपनी रिपोर्ट में बताया है "एकीकृत कोच प्रबंधन प्रणाली के आंकड़ों की जांच से पता चला है कि रेलवे द्वारा उल्लेखित 100 में से 90 ट्रेन अभी भी 
    (मार्च 2026 तक) 55 किमी प्रति घंटे की औसत गति से कम गति से चल रही है. बावजूद इसके, संबंधित क्षेत्रीय रेलवे उन ट्रेनों पर यात्रियों से सुपर फास्ट चार्ज वसूलते हैं. जिससे यह संकेत मिलता है कि रेल मंत्रालय द्वारा जारी निर्देश नवंबर 2025 अभी तक लागू नहीं हुए हैं."

    वही ट्रेन सुपरफास्ट घोषित हों...
    कैग ने रेलवे बोर्ड से यह भी अनुरोध किया है कि वे ट्रेन शेड्यूल को संशोधित करें. साथ ही सुनिश्चित करें कि केवल वही ट्रेनें जो सुपर फास्ट श्रेणी को पूरा करती है, उन्हें " सुपरफ़ास्ट " घोषित किया जाए. ऐसी ट्रेनों में ही नियम के मुताबिक, शुल्क लगाया जाए.

    कितना है सुपर सरचार्ज 
    रेलवे इस समय सुपर फास्ट  ट्रेन की हर श्रेणी में  सुपर सरचार्ज वसूलता है. जनरल क्लास या सेकंड क्लास में यह सबसे कम, 15 रुपए प्रति यात्री है. स्लीपर क्लास में यह 30 रुपए हैं. यदि आप एसी थ्री टीयर, इकोनामी या सेकंड एसी में टिकट बुक कराते हैं तो आपको सुपर चार्ज के रूप में 45 रुपए देने होंगे. यदि आप फर्स्ट एसी में टिकट बुक कराते हैं तो आपको 75 रुपए का सुपर सरचार्ज देना होगा.