• कवर्धा में बजरंगबली मंदिर में चोरी, लोग आक्रोशित, मचा हड़कंप..

    कवर्धा, 30 जून 2026। शहर में एक धार्मिक स्थल को चोरों ने निशाना बनाया है। रेवाबंध तालाब के पास नवीन बाजार स्थित बजरंगबली मंदिर से अज्ञात चोर भगवान की प्रतिमा का मुकुट चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

    जानकारी के अनुसार, रेवाबंध तालाब के समीप नवीन बाजार स्थित बजरंगबली मंदिर में देर रात अज्ञात चोरों ने भगवान हनुमान की प्रतिमा पर स्थापित मुकुट चोरी कर लिया। सुबह जब मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालु पहुंचे, तब चोरी की घटना का पता चला। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मंदिर परिसर में एकत्र हो गए और नाराजगी जताई।

    सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा अज्ञात आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

    मंदिर में हुई इस चोरी की घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।