चलती बस में 2 घंटे तक दरिंदगी, फिर सड़क पर फेंका, दोनों आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली में काम से लौट रही एक महिला को स्लीपर बस में खींचकर 2 घंटे तक गैंगरेप किया गया और बाद में महिला को सड़क किनारे फेंक दिया. पुलिस बस कब्जे में लेकर जांच में जुटी है. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की यह खास रिपोर्ट:-
दिल्ली, 14 मई 2026. दिल्ली के रानी बाग इलाके में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है . एक 30 वर्षीय महिला के साथ चलती स्लीपर बस में गैंग रेप का मामला सामने आया है. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह देर रात फैक्ट्री से काम खत्म कर घर लौट रही थी. इसी दौरान उसने सड़क किनारे खड़े एक युवक से समय पूछा, लेकिन कुछ ही सेकंड में उसकी जिंदगी डर और दर्द से भर गई. महिला के मुताबिक, युवक ने उसे जबरदस्ती बॉस के अंदर खींच लिया. बस में पहले से कुछ और लोग मौजूद थे. इसके बाद चलती बस में करीब 2 घंटे तक उसके साथ दरिंदगी की गई.
नांगलोई तक घूमती रही बस
पीड़िता ने बताया कि वारदात के दौरान बस अलग-अलग इलाकों में घूमती रही और नांगलोई इलाके तक गई. इस दौरान महिला लगातार मदद के लिए गुहार लगाती रही, लेकिन आरोपियों ने उसकी एक नहीं सुनी और उसके साथ मारपीट भी की गई. हालांकि 2 घंटे के बाद आरोपियों ने महिला को घायल अवस्था में सड़क किनारे फेंक दिया और चंपत हो गए. हालांकि, किसी तरह महिला ने खुद को संभाला और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी.
मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल ले जाया गया. मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है. वहीं, पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्लीपर बस को कब्जे में ले लिया है.
अस्पताल में भर्ती होने से महिला ने किया इनकार
पीड़िता दिल्ली स्थित पीतमपुरा की झुग्गियों में रहती हैं और मंगोलपुरी की एक फैक्ट्री में काम करती हैं . उसने पुलिस को बताया कि उसके पति बीमार रहते हैं और घर की पूरी जिम्मेदारी उसी के कंधों पर हैं. उसने बताया कि उनकी तीन छोटी बेटियां हैं और इसी वजह से उसने अस्पताल में भर्ती होने से इनकार कर दिया. महिला ने कहा कि अगर वह कम पर नहीं जाएगी तो घर चलाना मुश्किल हो जाएगा.
दोनों आरोपी की हुई पहचान
पुलिस ने इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनकी पहचान सुदेश (30) और अमन (26)
के रूप में हुई है. सुदेश बस चालक है और अमन हेल्पर हैं. रानी बाग सामूहिक दुष्कर्म मामले में बस पुलिस थाने से करीब एक किमी दूर एपीजे विद्यालय के पास दिल्ली जल बोर्ड परिसर में खड़ी है. परिसर के गेट पर ताला लगाया गया है और एक पुलिस कर्मचारी तैनात किया गया है. उधर, महिला की हालत स्थिर बताई जा रही है. इस वारदात ने एक बार फिर राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. खबर है कि दोनों दुष्कर्मियों के खिलाफ दिल्ली के रानी बाग पुलिस थाने में बीएनएस की धारा 64(1),70(1),3(5) के तहत केस दर्ज कर दिल्ली पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से पड़ताल कर रही है.