दो बाघों की खाल के साथ महाराष्ट्र के दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
रायपुर, 1 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में वन्यजीव संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वन विभाग ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा से दो अंतरराज्यीय तस्करों को बाघ की दो खालों के साथ गिरफ्तार किया गया है। गोपनीय सूचना के आधार पर पश्चिम भानुप्रतापपुर वनमंडल के बांदे परिक्षेत्र के सीमावर्ती क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। घेराबंदी के दौरान महाराष्ट्र के गढ़चिरौली निवासी दो आरोपी मोटरसाइकिल से बाघ की दो खालों की अवैध तस्करी करते हुए पकड़े गए। वन विभाग की टीम ने दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। वन विभाग इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटा हुआ है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि वन विभाग लगातार आधुनिक तकनीक, खुफिया तंत्र और विभिन्न एजेंसियों के समन्वय से वन्यजीव अपराधों पर प्रभावी निगरानी रख रहा है। ऐसे संगठित तस्करी नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।