• मीडिया जगत में शोक की लहर, वरिष्ठ पत्रकार सुखनंदन बंजारे का आकस्मिक निधन

    वरिष्ठ पत्रकार सुखनंदन बंजारे के निधन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुख जताया है।

    रायपुर, 3 जुलाई 2026। प्रेस क्लब रायपुर के पूर्व उपाध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार सुखनंदन बंजारे का आज हृदयघात से निधन हो गया। उनके निधन पर मुख्यमंत्री समेत कृषि मंत्री, अनुसूचित जाति विकास मंत्री और वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिक  के साथ मीडिया के साथियों ने गहरा दुःख व्यक्त किया है।  विभिन्न अखबारों एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में कार्य कर चुके सुखनंदन बंजारे एक ओर पत्रकारिता के मूल्यों से कभी समझौता नहीं करते थे, वहीं व्यवहारिक जीवन में काफी सरल थे।

    मुख्यमंत्री साय ने अपने शोक संदेश में कहा कि वरिष्ठ पत्रकार सुखनंदन बंजारे के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों, आत्मीयजनों और शुभचिंतकों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि सुखनंदन बंजारे ने पत्रकारिता के क्षेत्र में लंबे समय तक अपनी उल्लेखनीय सेवाएं दीं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित समाचार पत्रों एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संस्थानों में कार्य करते हुए जनसरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता के माध्यम से समाज को महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका निधन पत्रकारिता जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

    वहीं कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि रायपुर प्रेस क्लब के पूर्व उपाध्यक्ष सुखनंदन बंजारे जी के आकस्मिक हृदयाघात से निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। उनका निधन पत्रकारिता जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। वे अपनी सादगी, निष्पक्ष पत्रकारिता और सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पण के लिए सदैव स्मरणीय रहेंगे। माँ महामाया से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों और उनके सभी शुभचिंतकों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति एवं संबल प्रदान करें। ॐ शांति।

    अनुसूचित जनजाति विकास मंत्री खुशवंत साहेब ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सतनामी समाज के गौरव एवं पत्रकार सुखनंदन बंजारे जी के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। सुखनंदन जी का आकस्मिक देवलोकगमन पत्रकारिता जगत एवं समाज के लिए अपूर्णीय क्षति हैं। परम् पूज्य गुरु घासीदास बाबा जी दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दे एवं शोकाकुल परिवार को संबल प्रदान करें मैं यही कामना करता हूं।

    सुखनंदन बंजारे के निधन पर कई राजनीतिक हस्तियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में मीडिया जगत के साथियों में गहरा शोक व्यक्त किया है।