'पूर्णिमा कहां है..,' घर में घुसकर युवती के सिर में मारी गोली, आरोपी फरार, तलाश में जुटी पुलिस
छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में शुक्रवार को एक 25 वर्षीय युवती की उसके घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई. समाचार संपादक देहाती विश्वनाथ की सनसनीखेज रिपोर्ट :-
सक्ती, 27 जून 2026. छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में शुक्रवार को एक 25 वर्षीय युवती की उसके घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई. वारदात यहां के गांव जोंगरा की है, जहां दिन के करीब 11बजे बाइक पर सवार दो नकाबपोश युवक पहुंचे. दोनों ने अपने चेहरे सफेद गमछे से ढक रखे थे और बाइक पर नंबर प्लेट भी नहीं थी. इनमें से एक युवक घर के अंदर घुस गया, जबकि दूसरा बाहर निगरानी करता रहा. उसने परिवार के लोगों से पूर्णिमा चौहान के बारे में पूछताछ की. जैसे ही पूर्णिमा चौहान घर से बाहर आई, आरोपी ने उस पर ताबड़तोड़ तीन राउंड गोलियां चला दी और साथी युवक के साथ मौके से फरार हो गया.
गोली की आवाज सुनकर बाहर निकले परिजन
गोलियां पूर्णिमा के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं जमीन पर गिर पड़ी. गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन बाहर निकले तो उन्होंने खून से लथपथ हालत में देखा. सूचना मिलते ही डायल - 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायल पूर्णिमा को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया.
निजी कंपनी में सेल्स का काम करती थी पूर्णिमा
जानकारी के मुताबिक, पूर्णिमा पिछले 4 साल से पंजाब की एक निजी कंपनी में सेल्स का काम कर रही थी. हालांकि, उसकी शादी रायगढ़ जिले में हुई थी, लेकिन वैवाहिक संबंध टूटने के बाद वह बीते 2 साल से अपने मायके में रह रही थी.
मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने आसपास के इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है. घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
सक्ती के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि मामले के हर पहलू की पड़ताल की जा रही है. फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई है. दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और घर में मातम छाया हुआ है.